नई दिल्ली :- मशहूर तबला वादक जाकिर हुसैन को हृदय संबंधी समस्याओं के बाद सैन फ्रांसिस्को के एक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है. उनके मित्र और बांसुरी वादक राकेश चौरसिया ने रविवार को यह जानकारी दी.
राकेश चौरसिया ने पीटीआई से कहा कि वह अस्वस्थ्य हैं और अभी आईसीयू में भर्ती हैं. उन्होंने कहा कि हम सभी उनकी स्थिति को लेकर चिंतित हैं.
वहीं उस्ताद जाकिर हुसैन के एक करीबी सूत्र ने कहा कि 73 वर्षीय अमेरिकी संगीतकार को ब्लड प्रेशर की समस्या थी. उन्होंने कहा, ‘उन्हें पिछले एक सप्ताह से हृदय संबंधी समस्या के कारण सैन फ्रांसिस्को के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है.’ बता दें कि, उस्ताद जाकिर हुसैन के पिता अल्लाह रक्खा भी मशहूर तबला वादक थे.
मिल चुका है पद्म श्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण पुरस्कार
मशहूर तबला वादक जाकिर हुसैन को पद्म श्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण जैसे पुरस्कारों से भी नवाजा जा चुका है. इतना ही नहीं जाकिर हुसैन पहले भारतीय तबला वादक हैं जिनको पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबाम ने ऑल-स्टार ग्लोबल कॉन्सर्ट में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया था.
3 साल की उम्र में तबला बजाने का अभ्यास शुरू किया
1951 में महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में जन्मे जाकिर हुसैन ने महज 3 साल की उम्र में ही तबला बजाने का अभ्यास शुरू कर दिया था. इतना ही नहीं उन्होंने 7 साल की उम्र में बजाना प्रारंभ कर दिया था. वहीं 11 साल में जाकिर हुसैन ने अलग-अलग स्थानों पर अपना कार्यक्रम देना शुरू कर दिया था.