
पेइचिंग : कोरोना संक्रमण ने दुनियाभर में जमकर तबाही मचाई है। संक्रमण रोकने के लिए कई देशों लॉकडाउन लगा दिया गया था। यह भी कहा गया है कि अगर अभी भी लापरवाही बरते तो कोरोना की तीसरी लहर आ सकती है। वहीं, चीन सहित कई देशों में एक बार फिर संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। हालात को देखते हुए सरकार ने इनर मंगोलिया में लॉकडाउन लगा दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार चीन के इनर मंगोलिया में 19 लोग संक्रमित पाए गए हैं, जिसके बाद यहां लॉकडाउन लगा दिया गया है। इनर मंगोलिया के 35,700 निवासियों से कहा गया है कि घर से बाहर निकलने वालों और आदेशों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
यह क्षेत्र मौजूदा कोरोना प्रकोप का केंद्र बिंदु बनता जा रहा है। यह लॉकडाउन राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के अधिकारियों की चेतावनी के एक दिन बाद लगाया गया है। उन्होंने आगाह किया था कि एक हफ्ते में 11 प्रांतों में फैलने के बाद भी वायरस का प्रकोप बढ़ता रहेगा। सोमवार को चीन में संक्रमण के 35 मामले दर्ज किए गए जिसमें से आधे इनर मंगोलिया में पाए गए हैं। अधिकारियों ने मौजूदा कोरोना लहर के लिए डेल्टा वेरिएंट को जिम्मेदार ठहराया है।