नई दिल्ली:– आंखें हमारे शरीर का सबसे जरूरी और संवेदनशील अंग हैं. बदलती लाइफस्टाइल, घंटों स्क्रीन के सामने बैठना और पोषण की कमी के कारण आजकल आंखों की समस्याएं आम हो गई हैं. ऐसे में अपनी आंखों की रोशनी को लंबे समय तक बनाए रखना बेहद जरूरी है. हमारी डाइट आंखों की रोशनी को सबसे ज्यादा प्रभावित करती है. हम जो खाते हैं उसका असर कहीं न कहीं हमारी आंखों के स्वास्थ्य पर भी पड़ता है. आजकल लोग सबसे ज्यादा कमजोर हो रही आंखों की रोशनी से परेशान हैं. बहुत से लोग सवाल करते हैं कि आंखों की रोशनी को कैसे बढ़ाएं? यहां हम आपको पांच ऐसी चीजों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें अपने रूटीन में शामिल कर आप अपनी आंखों को हेल्दी रख सकते हैं.
गाजर
गाजर को आंखों के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. इसमें विटामिन ए और बीटा-कैरोटीन भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो आंखों की रोशनी को बनाए रखने में मदद करता है. गाजर का जूस या इसे कच्चा खाने से आंखों की थकान दूर होती है और दृष्टि बेहतर होती है.
बादाम
बादाम में विटामिन ई और एंटीऑक्सीडेंट्स प्रचुर मात्रा में होते हैं, जो आंखों को फ्री-रैडिकल्स से बचाते हैं. यह मैक्युलर डीजेनरेशन (आंखों की उम्र से संबंधित बीमारी) को रोकने में भी सहायक है. रोजाना 4-5 भिगोए हुए बादाम खाना आंखों के लिए लाभकारी हो सकता है.
हरी पत्तेदार सब्जियां
पालक, मेथी और सरसों जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां ल्यूटिन और ज़ेक्सैंथिन जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं. ये पोषक तत्व आंखों की मांसपेशियों को मजबूत करते हैं और आंखों को अल्ट्रावायलेट किरणों से बचाते हैं.
आंवला
आंवला विटामिन सी का बेहतरीन स्रोत है, जो आंखों की कोशिकाओं को पुनर्जीवित करता है और रोशनी को बेहतर बनाता है. इसे कच्चा खाया जा सकता है या इसका जूस बनाकर पीया जा सकता है.
मछली
ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर मछली, खासतौर से साल्मन और टूना, आंखों की सेहत के लिए वरदान है. यह ड्राई आई सिंड्रोम और आंखों की अन्य समस्याओं से बचाव करती है. अगर आप मछली नहीं खाते, तो आप फ्लैक्स सीड्स और चिया सीड्स का सेवन कर सकते हैं.
इन टिप्स को भी फॉलो करें:
पर्याप्त नींद लें और आंखों को आराम दें.
रोजाना 20-20-20 नियम को फॉलो करें. हर 20 मिनट में 20 सेकंड के लिए 20 फीट दूर देखें.
आंखों की नियमित जांच करवाएं.
धूप में सनग्लास पहनें ताकि हानिकारक यूवी किरणों से बचाव हो.
आंखें हमारे शरीर का खजाना हैं. इनका ध्यान रखना हमारी जिम्मेदारी है. अपने रूटीन में इन 5 चीजों को शामिल करें और लंबे समय तक अपनी आंखों की रोशनी को हेल्दी बनाए रखें.
