नई दिल्ली:– वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 2025 का केंद्रीय बजट पेश करने की तैयारी कर रही हैं. इस बार अटकलें बढ़ रही हैं कि सरकार टैक्सपेयर्स को नई इनकम टैक्स व्यवस्था में जाने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए कुछ रियायतें दे सकती है.
इनकम टैक्स पर आएगी खुशखबरी? आगामी केंद्रीय बजट 2025 में आयकर छूट को लेकर कई अटकलें और चर्चाएं हो रही हैं. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी 2025 को बजट पेश करेंगी.
15 लाख रुपये तक की इनकम पर कर कटौती- रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकार 15 लाख रुपये तक की वार्षिक आमदनी वाले व्यक्तियों के लिए इनकम टैक्स दरों में कटौती पर विचार कर रही है. जिससे मध्यम वर्ग को राहत मिल सके और कंज्मप्शन डिमांड बढ़ सके.
नई टैक्स रीजीम में सुधार: यह छूट मुख्य रूप से उन टैक्सपेयर्स के लिए होगी जो 2020 में शुरू की गई नई टैक्स प्रणाली अपनाते हैं, जिसमें हाउस रेंट और बीमा जैसी छूट शामिल नहीं हैं.
टैक्स स्लैब में बदलाव- कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि सरकार 5 लाख रुपये तक की आमदनी को पूरी तरह टैक्स-मुक्त कर सकती है, जबकि 10 लाख रुपये तक की आय पर कर दरों में कमी की जा सकती है.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने हाल ही में कहा है कि सरकार मध्यम वर्ग की चिंताओं को समझती है और बजट में उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखा जाएगा.
हालांकि इनकम टैक्स में छूट की संभावनाएं जताई जा रही हैं, लेकिन अंतिम निर्णय बजट पेश होने पर ही स्पष्ट होगा. करदाताओं को सलाह दी जाती है कि वे बजट घोषणाओं का इंतजार करें और उसके बाद अपनी कर योजना बनाएं.
