नई दिल्ली:– जहां एक तरफ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आगामी 26 जनवरी को जोर-शोर से गणतंत्र दिवस का आयोजन किया जाएगा। वहीं इस दौरान कर्तव्य पथ पर सेना के जवान एक बार फिर परेड करेंगे। वहीं इस खास मौके पर छत्तीसगढ़ के कवर्धा में रहने वाले कुछ बैगा जनजाति के परिवारों को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने का निमंत्रण मिला है।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के पंडरिया विकासखंड के तीन विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा परिवारों के छह सदस्य को इस बार खुद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 76वें गणतंत्र दिवस में शामिल होने विशेष न्योता भीजवाया है। यह बैगा परिवारों के सदस्य आगामी 26 जनवरी को दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित 76वें गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होंगे।
वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा मिले निमंत्रण पर बैगा परिवारों में से एक सदस्य ने कहा कि, “हमें बहुत खुशी है कि हमें यह खास निमंत्रण मिला।” इस बाबत कवर्धा जिले के कलेक्टर गोपाल वर्मा ने कहा कि, “यह गर्व की बात है कि 6 बैगा परिवारों को भारत के राष्ट्रपति ने गणतंत्र दिवस में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। वे आज 23 जनवरी को दिल्ली पहुंच जाएंगे। वे राष्ट्रपति के साथ रात्रिभोज करेंगे और PM मोदी से मिलेंगे। बैगा परिवार बहुत खुश हैं।”
इस बाबत बीजेपी विधायक भावना बोहरा ने कहा कि, ”यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए बहुत गर्व की बात है, इन परिवारों को भारत के राष्ट्रपति के साथ भोजन करने और गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने का मौका मिलेगा। मैंने उनसे मुलाकात की है और वे इस बात से बहुत खुश हैं। ”
जानकारी दें कि, छत्तीसगढ़ राज्य की बैगा जनजाति एक विशेष पिछड़ी जनजाति है। वहीं साल 2015 में किए गए इस सर्वेक्षण के मुताबिक, छत्तीसगढ़ राज्य में बैगा जनजाति के लोगों की कुल जनसंख्या इस समय 88,317 है। इसमें 44,402 पुरुष और 43,915 महिलाएं हैं। इसमें स्त्री पुरुष लिंगानुपात 989 है। यह भी बता दें कि, इस विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति की साक्षरता दर 53.97% है। इसमे पुरुष साक्षरता दर 60.7 8 % एवं महिला साक्षरता दर 47.10 % है।
