महासमुंद:- त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद महासमुंद जिले के पांच ब्लाकों में से चार ब्लाक में जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए चुनाव संपन्न हुआ. त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए राजनीतिक दलों में जबरदस्त लामबंदी और खेमेबाजी देखने को मिली.
चार ब्लॉकों के चुनाव में भाजपा ने चारों ब्लॉको में जनपद अध्यक्ष के पद पर कब्जा जमाया. जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के परिणामों में महासमुंद , सरायपाली , बसना , पिथौरा में भाजपा विजयी हुई. भाजपा ने पूरे जिले में कांग्रेस का सफाया करते हुए चार स्थानों पर कब्जा जमाया.महासमुंद जिले के पांच विकास खण्डों में से बागबाहरा जनपद का चुनाव आगामी 8 मार्च को किया जायेगा.
चुनाव परिणाम
महासमुंद जनपद से दिशा रामस्वरूप दीवान ( भाजपा समर्थित) अध्यक्ष पद के लिए विजयी
सरायपाली जनपद से लक्ष्मी हरिशचंद्र पटेल ( भाजपा समर्थित)अध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित
बसना जनपद से दिलेश्वरी निराला अध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित
पिथौरा जनपद से उषा धृतलहरे अध्यक्ष पद के लिए विजयी हुईं.
चारों जनपदों में महिला अध्यक्ष: सबसे खास बात यह है कि चारों जनपदों में महिला अध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं. महासमुंद जनपद अध्यक्ष पद के लिए नव निर्वाचित अध्यक्ष दिशा रामस्वरूप दीवान ने जीत का श्रेय जनपद पंचायत की जनता और भाजपा के पदाधिकारियों को दिया है. वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष एतराम साहू ने भाजपा समर्थित अध्यक्ष निर्वाचित होने पर भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं को श्रेय दिया.