बेंगलुरु :- इंडियन प्रीमियर लीग 2025 की धमाकेदार शुरुआत होने से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम और फैंस के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ 22 मार्च को खेले जाने वाले आईपीएल के ओपनिंग मैच से पहले आरसीबी की टीम में खतरनाक तेज गेंदबाज की एंट्री हुई है.
जोश हेजलवुड RCB से जुड़े
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में कूल्हे की चोट के कारण खेलने से चूके ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड आईपीएल के आगामी 18वें सीजन में अपनी रफ्तार का जादू दिखाने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं. हेजलवुड केकेआर के खिलाफ पहले मैच से पहले आरसीबी में शामिल होने के लिए बेंगलुरु पहुंच गए हैं.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से जोश हेजलवुड के टीम से जुड़ने की जानकारी शेयर की है. फैंस को उम्मीद है कि दाएं हाथ का यह धाकड़ तेज गेंदबाज केकेआर के खिलाफ टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में खेलने के लिए तैयार हैं. आरसीबी की नजरें इस बार अपना मेडन आईपीएल टाइटल जीतने पर होंगी.
रजत पाटीदार की अगुआई वाली टीम आरसीबी फिलहाल आईपीएल 2025 के शुरू होने से पहले कड़ी तैयारी कर रही है. आरसीबी 22 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में टूर्नामेंट के पहले मैच में मौजूदा चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स से भिड़ेगी.
आरसीबी ने मेगा निलामी में 12.5 करोड़ में खरीदा
आरसीबी ने आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड को अपनी टीम में शामिल करने के लिए 12.5 करोड़ रुपये खर्च किए. आगामी टूर्नामेंट के शुरुआती चरण में उनके खेलने पर संदेह था, लेकिन अब वह टीम के साथ जुड़ गए हैं. इससे पहले सोशल मीडिया पर जोश हेजलवुड की कई तस्वीरें वायरल हुईं थी, जिसमें उन्हें बेंगलुरु एयरपोर्ट पर देखा जा सकता है.