नई दिल्ली:– बीते रोज यूपी पुलिस और भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर में भिड़ंत हो गई थी। इस भिड़ंत में विधायक गुर्जर का कुर्ता फट गया है। शुक्रवार को लोनी विधायक ने गाजियाबाद मीडिया सेंटर में एक प्रेस कॉन्फ्रेस कर आरोप लगाया कि कलश यात्रा के दौरान उनकी हत्या की साजिश थी। उन्होंने प्रदेश के बड़े अधिकारी पर हत्या करवाने के प्रयास का आरोप लगाया।
इसके साथ ही विधायक ने कहा कि जबतक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा वह फटा हुआ कुर्ता पहनेंगे और कपड़े नहीं बदलेंगे। साथ ही नंगे पैर रहेंगे। इसके अलावा भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जन ने दावा किया कि अधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर काला जादू कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक गुरूवार दोपहर करीब 4 बजे गाजियाबाद में लोनी दो नंबर से कलश यात्रा निकाली जा रही थी। पुलिस के मुताबिक इस कलश यात्रा की प्रशासनिक अनुमति नहीं थी। कलश यात्रा को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। इस दौरान मौके पर मौजूद विधायक गुर्जर के समर्थकों एंव पुलिस के बीच धक्का मुक्की हो गई। इस दौरान विधायक नंद किशोर का कुर्ता फट गया। इसके साथ बॉर्डर थाना प्रभारी के हरेंद्र मलिक के साथ भी अभद्रता की गई।
इस मामले को लेकर विधायक नंद किशोर गुर्जर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित मीडिया सेंटर पहुंचे और अपनी बात कही। फटे कपड़े और नंगे पांव पहुंचे विधायक ने आरोप लगाए कि उन्हें पहले ही इस साजिश का आभास हो चुका था। लखनऊ बैठे एक उच्च स्तर के अधिकारी ने इसकी योजना बनाई थी।
उन्होंने कहा कि वह भ्रष्टाचार और गरीबों पर हो रहे अत्याचार का विरोध करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ऊपर काला जादू कराया हुआ है। उन्होंने कहा कि जब तक इस घटना के आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती तब तक वह फटे कपड़े और नंगे पैर रहेंगे। इसी वेशभूषा में वह मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्ष से मिलेंगे और न्याय की मांग करेंगे।
