नई दिल्ली:– पाक के हमलों का भारत ने दिया करारा जवाब, सुबह 10 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी सेना
नई दिल्ली। मिसाइल और ड्रोन हमले नाकाम होने से हताश पाकिस्तानी सेना ने गुरुवार रातभर जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के समीप नागरिक ठिकानों पर भारी गोलाबारी के बाद शुक्रवार को शाम होते बारामुला से भुज तक 26 शहरों में ड्रोन हमले किए। इस दौरान श्रीनगर एयरपोर्ट और अवंतीपुरा एयरबेस को निशाना बनाने की कोशिश हुई। भारत ने इन ड्रोन हमलों को एयर डिफेंस सिस्टम से नाकाम कर दिया। अधिकतर पाकिस्तानी ड्रोनों को मार गिराया गया। भारत के हमलों से बचने के लिए वह अपने एयर स्पेस को ढाल बना रहा है। पाकिस्तान ड्रोन हमलों के साथ ही नौशेरा, पुंछ और कुपवाड़ा में नियंत्रण रेखा पर मोर्टार और गनों से न केवल नागरिक इलाकों को, बल्कि धार्मिक स्थलों को भी निशाना बना रहा है। भारतीय सेना इसका करारा जवाब दे रही है और पाकिस्तान की हर मिसाइल को हवा में ही मार गिराया गया है।
उमर अब्दुल्ला ने IMF पर साधा निशाना
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने IMF के द्वारा पाकिस्तान को दिए गए बेलआउट पैकेज पर तंज कसा है। उमर अब्दुल्ला ने लिखा कि, “मुझे समझ नहीं आ रहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय कैसे युद्ध रोकने की बात कर रहा है, जब एक तरफ IMF पुंछ, राजोरी और उरी में तबाही मचाने के लिए पाकिस्तान को पैसे दे रहा है।
पंजाब के गुरदासपुर में बड़ा धमाका
गुरदासपुर जिले के गांव छिछरा में सुबह पौने पांच बजे बड़ा धमाका हुआ, गांव के खाली खेत में 40 फीट लंबा 15 फीट गहरा गड्डा बन गया। गांव के लोक इस धमाके की आवाज के बाद सहम गये। धमाका इतना तेज था कि 3-4 किलोमीटर एरिया में लोगों के घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गये।
पठानकोट में गिरा ड्रोन
पंजाब के पठानकोट में पाकिस्तान लगातार 15 बार ड्रोन अटैक करने की कोशिश कर चुका है। पाकिस्तान की सभी कोशिशों को नाकाम किया जा चुका है। हालांकि, पाकिस्तान का एक ड्रोन पठानकोट में दुकान के पास आ गिरा। ड्रोन के धमाके की आवाज सुनकर आसपास भारी भीड़ जमा हो गई है।
जैसलमेर में मिला मिसाइल का टुकड़ा
राजस्थान के जैसलमेर में एक मिसाइल जैसी चीज बरामद हुई है। इससे पहले सुबह इसी इलाके में धमाके की आवाज सुनी गई थी।
