बीकानेर:– मोदी सरकार ने पहलगाम हमले का पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है। भारतीय सेना ने आतंकियों को अपनी गोद में पाल रहे पाकिस्तान की ऑपरेश सिंदूर चलाकर अक्ल ठिकाने ले आई है। जिसके बाद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 22 मई को बीकानेर के वायुसेना नाल एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगे, जो महज बहावलपुर से 40 किलोमीटर दूरी पर है, जहां भारतीय सेना ने 7 मई को स्ट्राइक की थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुरुवार सुबह 9.30 बजे बीकानेर के वायुसेना नाल एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगे। यहां पीएम मोदी एयरबेस पर तैनात वायुसेना के जवानों से भी मुलाकात कर सकते हैं। बीकानेर का यह इलाका भारत-पाकिस्तान सीमा से नजदीक होने के कारण पीएम मोदी के दौरे को ‘आतंक के आका’ के लिए एक कड़े संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
बीकानेर एयरफोर्स स्टेशन से पीएम मोदी सीधे देशनोक स्थित करणी माता मंदिर में दर्शन के लिए जाएंगे। करणी माता के मंदिर को योद्धाओं की देवी और शक्ति का प्रतीक माना जाता है। यहां प्रधानमंत्री मोदी पूजा-अर्चना कर देश की सुरक्षा और विजय की कामना करेंगे।
करणी माता मंदिर में दर्शन के बाद मोदी देशनोक रेलवे स्टेशन के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे निकटवर्ती पालना क्षेत्र में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें करीब एक लाख लोगों के जुटने की उम्मीद है। इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री देश में 26 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।
आपको बता दें कि 7 मई को भारतीय सशस्त्र बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाकर जैश-ए-मोहम्मद के बहावलपुर मुख्यालय को उड़ा दिया था। जिसके बाद पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों से इस एयरबेस को निशाना बनाने की असफल कोशिश की थी, जिसका उन्हें करारा जवाब मिला था। ऐसे में मोदी का यहां आना सुरक्षा और मनोबल दोनों का प्रतीक है।
