नई दिल्ली:– मछलियों की पेंटिंग अक्सर लोग अपने घरों में लगाते हैं। घर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ इसे वास्तुशास्त्र में बहुत शुभ भी माना जाता है। कहते हैं कि घर में मछलियों की पेंटिंग लगाने से आसपास से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और घर में हमेशा सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। इसे घर की सही दीवार पर लगाने से जातक को गृह क्लेश से भी मुक्ति मिलती है और जीवन से बुरा वक्त दूर हो सकता है। लेकिन अगर आपने इस शुभ पेंटिंग को गलत स्थान या दिशा में लगाया है, तो पेंटिंग का विपरीत प्रभाव भी देखने को मिल सकता है। ऐसे में आइए विस्तार से जानते हैं कि वास्तुशास्त्र के अनुसार मछलियों की पेंटिंग को घर की किस में लगाना शुभ होता है और इससे क्या लाभ प्राप्त होता है।
वास्तुशास्त्र के अनुसार मछलियों की पेंटिंग को सही दिशा में लगाने से जातक को घर की आर्थिक समस्याओं से निजात मिल सकती है और धीरे-धीरे धन लाभ के योग बनने लगते हैं। माना जाता है कि वास्तु के सभी नियमों का ख्याल रखकर अगर कोई व्यक्ति फिश की पेंटिंग लगाता है, तो इससे उसके घर में हमेशा सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है। इससे परिवार के सदस्यों को जीवन और करियर में तरक्की प्राप्त होती है। साथ ही, गुड लक हमेशा साथ रहता है और घर में सौभाग्य आता है। इस एक पेंटिंग को घर में लगाने से परिवार के बीच खुशनुमा माहौल बना रहता है और मानसिक शांति भी महसूस होती है।
वास्तु के अनुसार, मछलियों की तस्वीर को घर में कभी भी ऐसे स्थान पर नहीं लगाना चाहिए जहां गंदगी रहती हो। ऐसा करने से अशुभ फल प्राप्त हो सकता है।
फिश पेंटिंग को रसोईघर या बाथरूम या टॉयलेट की पास वाली दीवार पर लगाने की भी मनाही होती है। ऐसा करने से घर में नकारात्मकता आ सकती है।
घर में कभी भी मछलियों की ऐसी तस्वीर नहीं लगानी चाहिए, जिसमें मछलियां धुंधली दिखाई दे रही हों या तस्वीर कहीं से टूटी-फूटी हो। इस प्रकार की फोटो लगाना शुभ नहीं माना जाता है।
वास्तु के अनुसार, मछलियों की तस्वीर के बैकग्राउंड पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। कभी भी ऐसी पेंटिंग न लगाएं जिसमें पीछे तूफान या जल में ज्यादा उथल-पुथल दिख रही हो।
माना जाता है कि घर में फिश की ऐसी पेंटिंग लगानी चाहिए जिसमें वे चलती हुईं नजर आ रही हों और पीछे का बैकग्राउंड भी पॉजिटिव होना चाहिए। वास्तु के अनुसार घर में कोइ और सुनहरी मछली की तस्वीर लगाना बहुत शुभ माना जाता है। ऐसा करने से घर में हमेशा संतुलन और प्रेम बना रहता है। आप चाहें तो फिश पेंटिंग को अपने घर के लिविंग रूम में लगा सकते हैं। ऐसा करने से जातक को पैसों की तंगी से भी छुटकारा मिल सकता है।
