नई दिल्ली:– भारत समेत दुनिया के कई देशों में UPI का डंका बज रहा है। देश में UPI के जरिए लेन-देन तेजी से बढ़ रहा है। सब्जी वाले को पैसे देने हों या फिर ऑनलाइन शॉपिंग का पेमेंट करना हो, ज्यादातर लोग अब UPI का इस्तेमाल करते हैं। इस डिजिटल युग में ऑनलाइन पेमेंट हमारे जीवन का एक अहम हिस्सा बन गया है। Google Pay ने इसे बेहद आसान और सुरक्षित बना दिया है। लेकिन सिर्फ़ ऐप डाउनलोड करना ही काफ़ी नहीं है, इसमें हिडेन फीचर्स हैं। इससे आपका पेमेंट सिस्टम बेहद आसान हो जाएगा।
बिल स्प्लिट
Google Pay में दोस्तों और फैमिली के साथ बिल स्प्लिट करने का इनबिल्ट फीचर है। आप एक ग्रुप बना सकते हैं, लोगों को ऐड कर सकते हैं और ऐप खुद ट्रैक करेगा कि किसने पेमेंट किया और किसने नहीं किया। इससे आपके ट्रिप या आउटिंग में खर्चा ट्रैक करना बहुत आसान हो जाता है। इसके लिए New Payment > New Group पर टैप करें। फिर सभी को ऐड करें और अमाउंट डालकर बिल स्प्लिट कर लें।
अपने खर्चों पर रखें नजर
Google Pay में एक ‘Insights’ का सेक्शन भी होता है। यहां आप अपने खर्चों का पूरा हिसाब-किताब देख सकते हैं। खास बात ये है कि ऐप आपके खर्चों को अलग-अलग कैटेगरी में भी बांट देता है, जैसे ग्रॉसरी, एंटरटेनमेंट, या ट्रैवल। इससे आप हर महीने यह जान सकते हैं कि आपका पैसा कहां जा रहा है। यह फीचर बजट को बेहतर बनाने में बहुत मददगार साबित हो सकता है।
रिवॉर्ड्स के लिए स्क्रैच कार्ड्स
हर पेमेंट पर Google Pay आपको रिवॉर्ड नहीं देता, लेकिन कुछ ट्रांजैक्शन पर यूनिक स्क्रैच कार्ड्स मिलते हैं। खासतौर पर जब आप मोबाइल रिचार्ज या बिजली बिल जैसी यूटिलिटी पेमेंट करते हैं। इन स्क्रैच कार्ड्स से आपको कैशबैक या पार्टनर ब्रांड्स के डिस्काउंट कूपन मिल सकते हैं। Rewards सेक्शन में जाकर आप अपने सभी स्क्रैच कार्ड्स देख सकते हैं, जिनमें स्पेशल वाले भी शामिल होते हैं।
Google Pay पर ऑटो पे मोड करें सेलेक्ट
अगर आप EMI लिए हुए हैं और अक्सर किस्त भरने की डेट भूल जाते हैं तो GPAY का ये फीचर कमाल का है। यहां पर ऑटोमैटिक पे सेट कर सकते हैं। जिसकी मदद से पैसा खुद ही अकाउंट से कट जाएगा और आपको मेहनत भी नहीं करनी पड़ेगी। ये फीचर ऑन करने के लिए गूगल पे के प्रोफाइल सेक्शन में जाएं। यहां से ऑटो पे का विकल्प दिखेगा, जिसे इनेबल करना है।
नेट बैंकिंग लॉगिन किए बिना बैंक बैलेंस चेक करें
Google Pay से आप अपने लिंक्ड बैंक अकाउंट का बैलेंस डायरेक्ट चेक कर सकते हैं। इसके लिए बैंकिंग ऐप या वेबसाइट में लॉगिन की जरूरत नहीं है। ये छोटा सा फीचर है, लेकिन बहुत काम आता है जब आपको पेमेंट से पहले सिर्फ बैलेंस कन्फर्म करना हो। Payment Methods सेक्शन से अपना बैंक अकाउंट चुनें, फिर View Account Balance पर टैप करें। UPI पिन डालते ही बैलेंस तुरंत दिख जाएगा।
