नई दिल्ली:– सितंबर के आखिरी दिनों में मौसम फिर से बदलता नजर आ रहा है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में गर्मी और उमस लौट आई है, जबकि कई राज्यों में बादल दोबारा सक्रिय हो गए हैं। भारतीय मौसम विभाग ने कहीं-कहीं के लिए अलर्ट भी जारी किया है।
IMD ने आज के लिए कई क्षेत्रों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज फिलहाल अलग-अलग दिखाई दे रहा है। कहीं भारी बारिश तो कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली में मॉनसून का अंत, गर्मी बढ़ी
राजधानी दिल्ली से मॉनसून ने विदाई ले ली है। अब यहां आसमान साफ रहने की उम्मीद है और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। अगले दो दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है, हालांकि 27 सितंबर से कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में उमस और हल्की बारिश के संकेत
यूपी में भी मॉनसून कमजोर पड़ा है। दिन में तेज धूप और शाम को उमस ने लोगों को परेशान किया हुआ है। कुछ जिलों में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने किसी भी हिस्से के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है, लेकिन तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
जगह बारिश
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह हल्की से मध्यम, कहीं-कहीं भारी बारिश
ओडिशा हल्की से मध्यम, कहीं-कहीं भारी बारिश
छत्तीसगढ़ हल्की से मध्यम, कहीं-कहीं भारी बारिश
तेलंगाना हल्की से मध्यम बारिश
दक्षिण गुजरात हल्की से मध्यम बारिश
विदर्भ हल्की से मध्यम बारिश
मराठवाड़ा हल्की से मध्यम बारिश
कोंकण और गोवा हल्की से मध्यम बारिश
उत्तर मध्य महाराष्ट्र हल्की से मध्यम बारिश
झारखंड हल्की से मध्यम बारिश
दक्षिण मध्य प्रदेश हल्की से मध्यम बारिश
तटीय कर्नाटक हल्की से मध्यम बारिश
लक्षद्वीप हल्की से मध्यम बारिश
पूर्वोत्तर भारत हल्की बारिश
सिक्किम हल्की बारिश
बिहार हल्की बारिश
उत्तर प्रदेश (तराई क्षेत्र) हल्की बारिश
उत्तराखंड हल्की बारिश
बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश में मौसम सक्रिय
बिहार, झारखंड और मध्य भारत के कुछ क्षेत्रों में आज गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में आंधी और आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इन राज्यों में मध्यम वर्षा से तापमान में थोड़ी राहत मिल सकती है।
और हिमाचल में बदल रहा है मौसम
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में भी मौसम ने रुख बदला है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और आसपास के इलाकों में आज हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही, तापमान में गिरावट के चलते ऊंचाई वाले इलाकों में ठंडक का असर दिखने लगा है। धूप और बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है।
पूर्वी भारत में दोबारा सक्रिय हुआ मॉनसून
ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में बारिश का सिलसिला दोबारा शुरू हो गया है। बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण इन राज्यों में आज तेज बारिश हो सकती है। आने वाले कुछ दिनों तक बारिश का यही क्रम जारी रह सकता है, जिससे कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।
