छत्तीसगढ़:– उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज भाजपा जिला कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती और आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान कार्यशाला में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने, रास-गरबा विवाद और कांग्रेस-NSUI के धरने पर तीखी प्रतिक्रिया दी।
विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार स्वदेशी उत्पादों के प्रचार-प्रसार के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि आगामी स्वदेशी मेला में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। शाह 4 अक्टूबर को बस्तर दौरे के दौरान मेले में शिरकत कर स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का संदेश देंगे।
रास-गरबा विवाद पर बयान
रास-गरबा में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर उठे विवाद को लेकर शर्मा ने स्पष्ट किया— “कोई भी व्यक्ति जिसे हिंदू धर्म पर आस्था नहीं है, उसे इस आयोजन में शामिल नहीं होना चाहिए। यह केवल डांस प्रोग्राम नहीं, बल्कि पूजा की पद्धति है। आयोजकों को सुनिश्चित करना चाहिए कि परंपरा का पालन हो।”
कांग्रेस और NSUI के धरने पर प्रतिक्रिया
युवा कांग्रेस और NSUI द्वारा खेल संचालनालय में किए गए धरने को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा— “महिला अधिकारी के चेंबर में घुसकर गाली-गलौज करना अनुचित है। किसी भी शासकीय कार्यालय की गरिमा को क्षति नहीं पहुंचनी चाहिए। हमने भी अतीत में प्रदर्शन किए हैं, लेकिन हमेशा लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन किया है।”
दीनदयाल उपाध्याय के विचारों पर चलने का आह्वान
शर्मा ने कार्यकर्ताओं से पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों को आत्मसात करने और राष्ट्रहित में सक्रिय योगदान देने की अपील की। इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, वर्णिका शर्मा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
