
मुंबई। गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम के करीबी सहयोगी रियाज भाटी (Riyaz Bhati) की पत्नी ने सनसनीखेज आरोप लगाया है कि उसके पति ने तलाक के बाद उसे हाई-प्रोफाइल लोगों के साथ शारीरिक संबंध बनाने पर मजबूर किया। महिला ने इसे लेकर सितंबर में मुंबई पुलिस से शिकायत की, लेकिन अब तक केस दर्ज नहीं किया गया है। महिला ने जिन लोगों पर बलात्कार का आरोप लगाया है, उनमें भाटी के अलावा क्रिकेटर मुनाफ पटेल (Munaf Patel) और हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya), कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला (Congress leader Rajiv Shukla) और किसी पृथ्वीराज कोठारी (Prithviraj Kothari) का नाम शामिल हैं।
महिला ने मुंबई के सांताक्रूज पुलिस स्टेशन में 24 सितंबर को शिकायत की थी। महिला ने अपनी शिकायत में चारों के नाम के साथ किसी जगह का नाम या तारीख का जिक्र नहीं किया है, जहां उनके साथ रेप हुआ रियाज की पत्नी ने पांड्या और पटेल की पहचान क्रिकेटर के तौर पर बताई है, वहीं शुक्ला को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का पूर्व अध्यक्ष बताया है। महिला ने कोठारी के बारे में कोई ब्यौरा नहीं दिया है। उन्होंने एक मीडिया संस्थान को बताया कि वह सराफा कारोबारी है। उसने कहा कि मैं पुलिस के पास FIR दर्ज कराने की कोशिश कर रही हूं, मैने सितंबर में अर्जी दी थी, लेकिन अब नवंबर तक भी शिकायत दर्ज नहीं की है।
मुंबई पुलिस ने भी माना है कि एक अर्जी आई तो है लेकिन उन्होंने कहा कि उनके पास ‘फिलहाल कोई और ब्यौरा नहीं है।’ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभी मामले में जांच की जाएगी, फिलहाल तक की जांच में अपराध की पुष्टि नहीं हो पाई है।
इससे पहले महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने रियाज भाटी पर आरोप लगाया था कि वह दो पासपोर्ट के साथ मुंबई एयरपोर्ट पर पकड़ा गया था और पूर्व मुख्यमंत्री के कहने पर उसे कुछ दिन बाद छोड़ दिया गया था। भाटी पर कथित तौर पर जबरन वसूली, जालसाजी और जमीन हथियाने के कई केस दर्ज हैं। मुंबई के पूर्व पुलिस प्रमुख परमबीर सिंह के खिलाफ रंगदारी की FIR में भी उसका नाम दर्ज है। भाटी पर बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वझे के इशारे पर बार और रेस्टोरेंट मालिकों से रंगदारी वसूलने का भी आरोप है।