नई दिल्ली:– वित्त मंत्रालय ने 4 नवंबर को दिल्ली में एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है जिसमें गोल्ड और सिल्वर की कीमतों को काबू में रखने और गिफ्ट सिटी के इंडियन इंटरनेशनल बुलियन एक्सचेंज (IIBX) पर ट्रेड वॉल्यूम बढ़ाने पर चर्चा होगी. भारत को वैश्विक बुलियन ट्रेडिंग हब बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने तैयारी तेज कर दी है.
क्या करना चाहती है सरकार?
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में वाणिज्य मंत्रालय, RBI, DGFT, SEZ, और सरकारी व प्राइवेट बैंकों के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल होंगे. सरकार का लक्ष्य है कि भारत को सोना और चांदी के अंतरराष्ट्रीय कारोबार का केंद्र बनाया जाए और IIBX को ग्लोबल स्तर पर प्रतिस्पर्धी प्लेटफॉर्म के रूप में स्थापित किया जाए.
Gold- Silver पर बनेगी स्ट्रैटेजी
वित्त मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, बैठक में IIBX पर बैंकों की भागीदारी बढ़ाने और ट्रेडिंग सिस्टम को और सरल बनाने पर विचार किया जाएगा. साथ ही गोल्ड सिल्वर की कीमतों में उतार-चढ़ाव को नियंत्रित करने की स्ट्रैटेजी पर भी चर्चा होगी.
गिफ्ट सिटी स्थित IIBX की स्थापना भारत को एक अंतरराष्ट्रीय बुलियन मार्केट प्रदान करने के उद्देश्य से की गई थी, लेकिन अब तक ट्रेड वॉल्यूम अपेक्षा के अनुरूप नहीं बढ़ पाया है. इस वजह से सरकार चाहती है कि घरेलू बैंक, विदेशी निवेशक और एक्सचेंज से जुड़े खिलाड़ी सक्रिय भूमिका निभाएं. बैठक के नतीजे देश के बुलियन मार्केट के भविष्य के लिए अहम साबित हो सकते हैं क्योंकि भारत दुनिया के सबसे बड़े सोना-खरीददार देशों में से एक है.
