नई दिल्ली:– सनातन धर्म में तुलसी के पौधे को काफी पवित्र माना जाता है। घर में इसे ऐसे ही नहीं लगाना चाहिए। इसे रखने के कई नियम-कायदे हैं, जिनका जिक्र वास्तु शास्त्र में भी है। तुलसी के पौधे की देखभाल के साथ-साथ इसे सही दिशा और सही तरीके से रखना भी जरूरी है। वहीं इस बात का तो विशेष रूप से ध्यान रखना चाहिए कि इस पौधे के आसपास क्या चीजें नहीं रखनी चाहिए। कई बार जाने-अनजाने में हम तुलसी के पौधे के पास कई ऐसी चीजें रख देते हैं, जिससे वास्तु दोष लगता है। नीचे विस्तार से जानिए कि आखिर वो कौन सी 3 चीजें हैं जिन्हें गलती से भी तुलसी के पास नहीं रखना है।
तुलसी के पास ना रखें शिवलिंग
वास्तु शास्त्र के हिसाब से तुलसी के पास कभी भी शिवलिंग को नहीं रखना चाहिए। ऐसा करने से दोष लगता है और घर में नकारात्मक ऊर्जा का वास होने लगता है। इसके पीछे की एक मान्यता ये भी है कि भगवान शिव ने तुलसी के पति का वध किया था। उस समय तुलसी वृंदा के रूप में थीं। बाद में उन्होंने तुलसी का रूप ले लिया। यही वजह है कि तुलसी और शिवलिंग को एक साथ नहीं पूजा जाता है। वहीं तुलसी को मां लक्ष्मी का ही स्वरूप मानते हैं जोकि भगवान विष्णु की पत्नी हैं। यही वजह है कि तुलसी और शिवलिंग को साथ में नहीं रखते हैं।
तुलसी के पास ना रखें झाड़ू
आमतौर पर तुलसी का पौधा लोग बालकनी में रखते हैं। कई बार सफाई के दौरान यहां पर झाड़ू भी रख दिया जाता है। झाड़ू से घर की गंदगी साफ होती है। ऐसे में तुलसी के पास इसे रखना सही नहीं होता है। शास्त्र के हिसाब से ऐसा करने से तुलसी की पवित्रता भंग होती है। तुलसी के पास झाड़ू रखने से हमेशा बचना चाहिए। अगर ऐसा होता है तो इसका सीधा-सीधा असर आर्थिक स्थिति पर पड़ता है। धीरे-धीरे पैसों से जुड़ी दिक्कतें आने लगती हैं और घर में दरिद्रता भी हो सकती है।
तुलसी के पास ना रखें जूते-चप्पल
तुलसी में मां लक्ष्मी का वास होता है और ऐसे में ये जरूरी हो जाता है कि इसके आसपास सफाई हो। कभी भी तुलसी को ऐसी जगह नहीं रखना चाहिए जहां पर गंदगी हो। ध्यान रखें कि तुलसी के पौधे के आसपास कभी भी जूते-चप्पल ना रखें हो। अगर तुलसी के आसपास गंदगी होती है तो इससे मां लक्ष्मी निराश होती है। ऐसे में पौधे के आसपास जूते-चप्पल भूलकर भी नहीं रखने चाहिए।
