नई दिल्ली:– मानसून का इस साल का सीज़न हर बार से शानदार रहा और देशभर में जमकर बादल बरसे। कई राज्यों में तो रिकॉर्डतोड़ भारी बारिश (Heavy Rain) हुई। इससे लोगों को गर्मी से भी राहत मिली। हालांकि मानसून के जाने से कई राज्यों में बारिश का सिलसिला रुका, लेकिन अभी भी कुछ राज्यों में इसका असर बना हुआ है, जिससे बारिश का दौर भी थमा नहीं है। इसी बीच देश में मौसम ने एक बार फिर पलटी मार ली है। ऐसे में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 48 घंटे में देश के कुछ राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में क्या रहेगा मौसम का हाल?
राजस्थान में इस बार मानसून के सीज़न में रिकॉर्डतोड़ बारिश देखने को मिली है। मानसून के जाने के बाद कुछ दिन तक बिल्कुल बारिश नहीं हुई, लेकिन मौसम के बदलने से राज्य में कई जिलों में फिर से बारिश का दौर शुरू हो गया। पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में मौसम ने पलटी मारी है। ऐसे में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि राजस्थान के कुछ जिलों में अगले 48 घंटे के दौरान 4 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
तमिलनाडु में मौसम का कैसा रहेगा मिज़ाज?
मानसून की एंट्री के साथ ही तमिलनाडु में भारी बारिश का जो सिलसिला शुरू हुआ था, वो मानसून के चले जाने के बाद भी खत्म नहीं हुआ है। अभी भी राज्य में कई जिलों में बारिश का सिलसिला बना हुआ है। मौसम के पलटी मारने से मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि अगले 48 घंटे में तमिलनाडु के कई जिलों में तेज़ बारिश का अनुमान है। इस दौरान बिजली गरजने का भी अलर्ट है।
इन राज्यों में झमाझम बरसेंगे बादल
देश के कुछ राज्यों में मौसम ने एक बार फिर पलटी मार ली है। ऐसे में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, तटीय आंध्रप्रदेश, यनम, रायलसीमा, सौराष्ट्र, कच्छ और हरियाणा में अगले 48 घंटों में रुक-रूककर झमाझम बादल बरस सकते हैं। इस दौरान इन राज्यों में 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने, आंधी, बिजली गरजने और बादल छाए रहने का भी अलर्ट है।
