नई दिल्ली :– कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरियाणा विधानसभा चुनाव में हुई कथित गड़बड़ियों को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने शुरुआत में गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए कहा कि वे उनके और करोड़ों भारतीयों के लिए “प्रेरणा और सत्य के प्रतीक” हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि हरियाणा चुनाव से संबंधित उन्हें कई शिकायतें मिली थीं। पार्टी की जांच में भारी वोटिंग अनियमितताएं सामने आईं, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर संकेत हैं।
राहुल गांधी का दावा— “25 लाख से ज्यादा वोट संदिग्ध”
राहुल गांधी ने कहा कि जांच में लगभग 25 लाख वोटों में गड़बड़ी पाई गई है।
उन्होंने आंकड़े साझा करते हुए बताया —
डुप्लीकेट वोटर: 5,21,619
गलत पता: 93,174
बल्क वोटर: 19,26,351
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने यह सभी प्रमाण चुनाव आयोग को सौंपे हैं और पूछा कि “एक ही व्यक्ति का नाम एक बूथ पर 223 बार कैसे दर्ज हो सकता है?”
“ब्राजील की मॉडल ने हरियाणा में 22 बार मतदान किया”
राहुल गांधी ने एक महिला की तस्वीर दिखाते हुए बताया कि वह ब्राजील की एक मॉडल है, जो हरियाणा में 10 बूथों पर 22 बार वोट डाल चुकी है। उनका नाम वोटर लिस्ट में सीमा, स्वीटी, सरस्वती, विमला जैसे कई अलग-अलग नामों से दर्ज था।
एग्जिट पोल और नतीजों में विरोधाभास
राहुल गांधी ने कहा कि हरियाणा के एग्जिट पोल्स में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत दिखाया गया था। उन्होंने दावा किया कि “स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूरे समर्पण से काम किया था,” फिर भी नतीजों में ऐसा उलटफेर हुआ जो सामान्य नहीं हो सकता।
उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि “हम सरकार बनाने जा रहे हैं और व्यवस्था हमारे पास है।”
“Gen Z के लिए लोकतंत्र की परीक्षा”
राहुल गांधी ने भारत के युवाओं, खासकर Gen Z पीढ़ी से अपील की — “आपको यह समझना होगा कि यह सिर्फ चुनाव नहीं, बल्कि आपके भविष्य का प्रश्न है। लोकतंत्र तभी बचेगा जब चुनाव पारदर्शी रहेंगे।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास सभी सबूत मौजूद हैं कि कांग्रेस की भारी जीत को हार में बदला गया। उन्होंने चुनाव आयोग और संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा कि आखिर इतने बड़े पैमाने पर गड़बड़ी कैसे संभव हुई।
