छत्तीसगढ़ :– राजधानी रायपुर में मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा का पर्व बड़ी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही श्रद्धालु महादेवघाट स्थित खारून नदी के तट पर पहुंचे और आस्था की डुबकी लगाकर दीपदान व पूजन-अर्चना की। पूरा क्षेत्र धार्मिक रंग में रंगा दिखाई दिया, जहां हर ओर ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंज रहे थे।
महादेवघाट में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम
हाटकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ सुबह से ही उमड़ने लगी।
दीपों की रोशनी, मंत्रोच्चारण और भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। शाम होते ही खारून नदी का तट हजारों दीपों से जगमगाने लगा, जिसने दृश्य को और भी अलौकिक और मनमोहक बना दिया।
स्नान और दीपदान का विशेष महत्व
हिंदू मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान और दीपदान का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन पवित्र नदी में स्नान करने और दीप प्रवाहित करने से सभी पापों का नाश होता है और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी विश्वास के साथ श्रद्धालुओं ने महादेवघाट में गंगा-जल, दूध और पुष्प अर्पित कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रशासन ने की बेहतर व्यवस्था
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा, सफाई और प्रकाश व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। नगर निगम और पुलिस कर्मियों की टीम पूरे दिन घाटों पर मौजूद रही ताकि आयोजन शांतिपूर्वक संपन्न हो सके।
