नई दिल्ली:– साउथ फिल्म इंडस्ट्री के दो महान सितारे रजनीकांत और कमल हासन लंबे समय बाद एक साथ बड़े पर्दे पर लौटने जा रहे हैं। सुपरस्टार रजनीकांत की 173वीं फिल्म का टेम्परेरी टाइटल ‘थलाईवर 173’ रखा गया है, जिसके मेकर्स ने डायरेक्टर से लेकर रिलीज डेट तक महत्वपूर्ण घोषणाएँ कर दी हैं। यह ऐलान होते ही सोशल मीडिया पर फैन्स में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
पहले खबरें थीं कि फिल्म को नेल्सन या लोकेश कनकराज डायरेक्ट करेंगे, लेकिन ऑफिशियल कन्फर्मेशन के बाद साफ हो गया है कि इस मेगा प्रोजेक्ट का निर्देशन सुंदर सी करेंगे। हालांकि फिल्म का फाइनल टाइटल अभी सामने नहीं आया है।
एक्टर कमल हासन ने अपने एक्स अकाउंट पर कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए फिल्म को लेकर अपनी बेपनाह एक्साइटमेंट दिखाई है।
पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा—
“हवा की तरह, बारिश की तरह, नदी की तरह चलो बारिश करें, आनंद लें, जीएं… सुपरस्टार रजनीकांत सुंदर सी के डायरेक्शन और राजकमल फिल्म्स इंटरनेशनल के प्रोडक्शन में अभिनय करेंगे। थलाईवर 173, पोंगल 2027।”
उनके इस पोस्ट ने फैन्स के बीच जोश और बढ़ा दिया है, क्योंकि दो लेजेंड एक साथ आने वाले हैं, जो खुद में साउथ इंडस्ट्री का ऐतिहासिक पल माना जा रहा है।
फिल्म पोंगल 2027 पर सिनेमाघरों में भव्य रिलीज के लिए तैयार की जा रही है। मेकर्स के मुताबिक, इसे साउथ इंडस्ट्री की अब तक की सबसे बड़ी मल्टी-स्टारर फिल्मों में से एक बनाया जाएगा।
