मध्य प्रदेश :– विभिन्न हिस्सों में एकबार फिर शीतलहर का सितम देखा जा रहा है। बीते 24 घंटे के दौरान मध्य प्रदेश के भोपाल, राजगढ़, सीहोर, शाजापुर, शहडोल, इंदौर और सिवनी जिलों में शीत लहर का प्रकोप देखा गया। वहीं सूबे के शाजापुर, नरसिंहपुर, बैतूल जिलों में शीतल दिन देखा गया। मौसम विभाग ने आज और कल यानी दो दिन के लिए सूबे के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान मध्य प्रदेश के भोपाल, सीहोर, राजगढ़, शाजापुर, शहडोल, सिवनी जिलों के अलग-अलग हिस्सों में कहीं-कहीं शीतलहर चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो रविवार को भी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर की स्थितियां देखी जाएंगी।
मौसम विभाग ने 7 दिसंबर को मध्य प्रदेश के भोपाल, सीहोर, राजगढ़, शाजापुर जिलों में कहीं-कहीं शीतलहर चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटे की बात करें तो मध्य प्रदेश के भोपाल, राजगढ़, सीहोर, इंदौर, शाजापुर, शहडोल और सिवनी जिलों के कुछ हिस्सों में शीत लहर का प्रभाव देखा गया।
बीते 24 घंटे के दौरान मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम और शहडोल संभागों के जिलों में तापमान में 2.3 डिग्री से 2.8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। सबसे कम न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस कल्याणपुर (शहडोल) में दर्ज किया गया। बाकी संभागों के जिलों के तापमानों में विशेष बदलाव नहीं आया।
झारखंड में भी शीतलहर का प्रकोप देखा जा रहा है। इस दौरान गुमला में राज्य का सबसे कम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को 11 जिलों में शीत लहर का अलर्ट जारी किया है। गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रांची, रामगढ़, बोकारो और खूंटी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
