आंध्रप्रदेश :– मारेडमिल्ली घाट में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जहां यात्रियों से भरी एक बस खाई में गिर गई। इस हादसे में 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह घटना सुकमा जिले के सीमा क्षेत्र में घटी, जिससे आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय प्रशासन और राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के बाद घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस अरुकु से रायलसीमा के चित्तूर जा रही थी, तभी मारेडमिल्ली घाट के पास अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के सही कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
अब तक 9 शव बरामद, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
मारेडमिल्ली घाट में हुए दर्दनाक बस हादसे में अब तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं। चूंकि घटना स्थल पहाड़ी क्षेत्र में था, जहां मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं था, इसलिए सूचना मोथुगुंटा के अधिकारियों तक पहुंचने में कुछ समय लगा। हालांकि, सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने घायल यात्रियों को चिंतूर सरकारी अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की संख्या में और वृद्धि हो सकती है, क्योंकि राहत और बचाव कार्य जारी है।
सीएम नायडू ने जताया दुख
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने जिला अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “अल्लूरी सीतारामाराजू जिले के चिंतूर के पास तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से कई लोग गहरे सदमे में हैं। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस हादसे में कई लोगों की जान चली गई। मैंने अधिकारियों से इस दुर्घटना के बारे में बात की और पीड़ितों को दी जा रही सहायता के बारे में जानकारी प्राप्त की। मुझे उम्मीद है कि घायलों को शीघ्र बेहतर चिकित्सा सहायता मिलेगी।”
