छत्तीसगढ़ :– साय सरकार ने अपने कार्यकाल के दो वर्ष पूरे कर तीसरे वर्ष में प्रवेश कर लिया है। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक अहम घोषणा करते हुए वर्ष 2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाने का ऐलान किया है। इस फैसले के जरिए राज्य सरकार महिलाओं को विकास की मुख्य धारा में और अधिक सशक्त रूप से शामिल करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि उन्हें प्रदेश की मातृशक्ति से सबसे अधिक आशीर्वाद और समर्थन मिलता है, इसलिए सरकार ने आगामी वर्ष को महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित करने का निर्णय लिया है।
महतारी गौरव वर्ष 2026 में क्या रहेगा खास:
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के अनुसार, महतारी गौरव वर्ष के दौरान राज्य की सभी प्रमुख योजनाओं और कार्यक्रमों का केंद्रबिंदु महिलाएं होंगी। यह वर्ष केवल सम्मान का प्रतीक नहीं होगा, बल्कि इसके माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और सामाजिक गरिम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का ठोस प्रयास किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य है कि महिलाएं आत्मनिर्भर बनें और समाज व अर्थव्यवस्था में उनकी भूमिका और मजबूत हो।
दूसरा वर्ष रहा ‘अटल निर्माण वर्ष’:
सीएम साय ने बताया कि उनके मुख्यमंत्री पद के दूसरे वर्ष को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित करते हुए ‘अटल निर्माण वर्ष’ के रूप में मनाया गया। इस दौरान प्रदेश में आधारभूत ढांचे के विकास, सामाजिक उन्नयन और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए। इन सभी उपलब्धियों को सरकार द्वारा जनता के सामने एक विस्तृत रिपोर्ट कार्ड के रूप में प्रस्तुत किया गया।
पहला वर्ष मनाया गया ‘विश्वास वर्ष’:
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि उनके कार्यकाल का पहला वर्ष ‘विश्वास वर्ष’ के रूप में मनाया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य शासन और जनता के बीच विश्वास की पुनर्स्थापना करना था, जिसमें सरकार को सफलता मिली। इस दौरान पारदर्शिता, संवेदनशीलता और निरंतर संवाद के जरिए जनता का भरोसा जीतने पर विशेष ध्यान दिया गया।
महिलाओं के लिए समर्पित होगा सरकार का अगला वर्ष:
महतारी गौरव वर्ष की घोषणा के साथ यह स्पष्ट हो गया है कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ सरकार की नीतियों और योजनाओं का फोकस महिलाओं के सर्वांगीण विकास पर रहेगा। यह पहल राज्य में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है।
