ओडिशा :– एक चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया है। शनिवार को राउरकेला एयरस्ट्रिप पर एक बड़ा हादसा होते-होते बचा, जब भुवनेश्वर से उड़ान भरने वाले एक चार्टर्ड विमान को लैंडिंग से ठीक पहले इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। इसके कारण क्रैश लैंडिंग हुई। इस घटना में दोनों पायलटों समेत कुल छह लोग घायल हो गए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह चार्टर्ड फ्लाइट ‘इंडिया वन एयर’ की थी और भुवनेश्वर एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। विमान राउरकेला एयरस्ट्रिप पर उतरने की तैयारी कर रहा था, तभी एक तकनीकी खराबी के कारण पायलट को इमरजेंसी क्रैश लैंडिंग करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि यह विमान 9 सीटों वाला चार्ली-208 है।
दुर्घटना में 6 लोग हुए घायल
इस हादसे में चार यात्री और दो क्रू मेंबर घायल हो गए। घायल पायलटों की पहचान कैप्टन नवीन कडंगा और को-पायलट तरुण श्रीवास्तव के रूप में हुई है। घायल यात्रियों में सुशांत कुमार बिस्वाल, अनीता साहू, सुनील अग्रवाल और सबिता अग्रवाल शामिल हैं। सभी घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
किसी की भी हालत गंभीर नहीं
भुवनेश्वर एयरपोर्ट के डायरेक्टर प्रसन्ना प्रधान ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सभी घायल सुरक्षित हैं और उनमें से कोई भी गंभीर हालत में नहीं है। उन्होंने कहा कि विमान ने इमरजेंसी लैंडिंग की, जिससे कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों को चोटें आईं, लेकिन राहत और बचाव अभियान तुरंत शुरू कर दिया गया।
आखिर क्यों क्रैश हुआ प्लेन?
ओडिशा के परिवहन मंत्री बिभूति जेना ने भी इस घटना पर बयान जारी करते हुए कहा कि यह एक बड़ी त्रासदी हो सकती थी, लेकिन सौभाग्य से कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने कहा, “विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। शुरुआती जांच से पता चलता है कि यह तकनीकी या मैकेनिकल खराबी के कारण हुआ। दुर्घटना के असली कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी।”
इस घटना के बाद एयरस्ट्रिप पर कुछ समय के लिए उड़ान संचालन प्रभावित रहा। प्रशासन और विमानन अधिकारी स्थिति का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे और विमान को सुरक्षित स्थान पर हटाने की प्रक्रिया शुरू की। विमानन सुरक्षा एजेंसियां अब जांच करेंगी कि उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी कैसे हुई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं।
