छत्तीसगढ़:– भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर मंगलवार को सर्वसम्मति से निर्वाचित होने पर नितिन नबीन को छत्तीसगढ़ से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यकाल को सफल और प्रेरणादायक बताया।
पीएम मोदी के मार्गदर्शन में पार्टी को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में नितिन नबीन का कार्यकाल पार्टी को नई ऊर्जा और दिशा देगा। उनका नेतृत्व राष्ट्रसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूत करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कार्यकाल संगठन को नई गति प्रदान करेगा।
संगठनात्मक अनुभव से भाजपा होगी और सशक्त
सीएम साय ने कहा कि नितिन नबीन का संगठनात्मक अनुभव, कार्यकुशलता और समर्पण भाजपा को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त बनाएगा। उनके नेतृत्व में भाजपा संगठनात्मक रूप से नई ऊंचाइयों को छुएगी और उनका मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
युवा नेतृत्व पर विश्वास का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि नितिन नबीन का निर्वाचन राष्ट्रीय स्तर पर युवा नेतृत्व पर विश्वास का स्पष्ट संकेत है। उनकी प्रशासनिक और संगठनात्मक क्षमता इस बात का प्रमाण है कि वे जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से गहराई से जुड़े हुए हैं।
नितिन नबीन का नेतृत्व कार्यकर्ताओं को बनाएगा ऊर्जावान: किरण देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने भी नितिन नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन, स्पष्ट नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ संपन्न यह निर्वाचन प्रक्रिया भाजपा की संगठनात्मक एकता, अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
चुनावी सफलताओं का रहा मजबूत रिकॉर्ड
किरण देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के सह प्रभारी और बाद में प्रभारी के रूप में नितिन नबीन के मार्गदर्शन में पार्टी ने विधानसभा चुनाव से लेकर निकाय और पंचायत चुनावों तक शानदार प्रदर्शन किया, जो संगठन के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
चमत्कारिक प्रतिभा के धनी हैं नितिन नबीन
किरण देव ने नितिन नबीन को ऊर्जा से भरपूर और चमत्कारिक प्रतिभा का धनी बताते हुए कहा कि एक युवा नेता के रूप में उनका राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना आने वाले समय में पार्टी और देश दोनों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। यह पूरी प्रक्रिया लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुई है, जो भाजपा की आंतरिक लोकतंत्र की मजबूती को दर्शाती है।
