उत्तर प्रदेश :– गोरखपुर में चल रही रामकथा के दौरान सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब मशहूर कथावाचक राजन जी महाराज अचानक आवेश में आ गए। उन्होंने सार्वजनिक मंच से खुद को और अपनी टीम को मिली धमकी का खुलासा करते हुए दबंगों को खुली चुनौती दे डाली, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्रोतों के अनुसार, यह विवाद गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में चल रही रामकथा के दौरान शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि कथा के दौरान कुछ लोग बार-बार मंच पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए जब राजन जी महाराज की टीम के सदस्यों ने उन्हें मंच पर आने से मना किया, तो बहस बढ़ गई। मामला इतना तूल पकड़ गया कि उन लोगों ने महाराज के टीम मेंबर को गोली मारने की धमकी दे दी
व्यास पीठ से दी खुली चुनौती: ‘गोली मारकर दिखाओ’
गोरखपुर में अपनी टीम को मिली धमकी से आहत होकर राजन जी महाराज ने व्यास पीठ से ही कड़े तेवर अपनाए। उन्होंने सार्वजनिक रूप से ललकारते हुए कहा, “मेरे बच्चों (टीम मेंबर) को गोली मारने की धमकी दी गई। मैं भी कहता हूं, किसने मां का दूध पिया है, गोली मार कर दिखाओ!” उन्होंने आगे कहा कि वे यहां प्रेम से कथा कहने आए हैं और श्रोता प्रेम से सुनने, इसलिए व्यवस्था बनी रहनी चाहिए। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि उनके बच्चों जैसे टीम मेंबर्स को धमकी देना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
16 साल की कथा यात्रा में पहली बार ऐसी घटना
राजन जी महाराज ने श्रोताओं को अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि उनकी 16 साल की कथा यात्रा में यह पहली बार है जब उनके साथ ऐसी कोई घटना घटी है। उन्होंने कहा कि पहले तो मंच पर आने के लिए भगदड़ मचाई गई और फिर विरोध करने पर जान से मारने की बात कही गई। इस घटना से महाराज इतने दुखी हुए कि उन्होंने शुरुआत में कथा करने से भी इनकार कर दिया था।
बीच-बचाव के बाद दोबारा शुरू हुई कथा
धमकी और हंगामे के कारण कथा में कुछ समय के लिए रुकावट आई। हालांकि, आयोजकों और स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप और समझाने-बुझाने के बाद राजन जी महाराज पुन: कथा करने के लिए मान गए। इसके बाद उन्होंने व्यवस्थित तरीके से कथा को आगे बढ़ाया। फिलहाल, इस पूरी घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोग सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
