छत्तीसगढ़ :– सरकार ने होली से पहले शराब पीने वालों को बड़ी राहत दी है। इस बार होली के दिन शराब खरीदने के लिए लोगों को पहले से स्टॉक करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि त्योहार के दिन भी प्रदेश भर में शराब की दुकानें खुली रहेंगी।
दरअसल, छत्तीसगढ़ सरकार ने इस वर्ष के लिए नई आबकारी नीति लागू की है। इस नीति के तहत सात ड्राई डे में से तीन ड्राई डे को समाप्त कर दिया गया है। इनमें होली, मुहर्रम और महात्मा गांधी निर्वाण दिवस शामिल हैं। इसके चलते होली के दिन शराब बिक्री पर कोई रोक नहीं रहेगी।
पहले पुलिस की सख्ती रहती थी
अब तक प्रदेश में होली के दिन शराब दुकानें बंद रहती थीं। इतना ही नहीं, होली की पूर्व संध्या पर पुलिस द्वारा सख्त निगरानी की जाती थी। कई जगहों पर चेकिंग के दौरान त्योहार के लिए पहले से खरीदी गई शराब जब्त किए जाने की घटनाएं भी सामने आती थीं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। हर साल होली के दिन शराब प्रेमियों को इधर-उधर फोन कर यह पूछते देखा जाता था कि कहीं एक-दो पैग बचा है या नहीं। लेकिन इस बार ऐसी स्थिति नहीं बनेगी। जिसे भी शराब खरीदनी होगी, वह सीधे दुकान से खरीद सकेगा।
