नई दिल्ली:– दुनियाभर में करोड़ों यूजर्स के लिए लोकप्रिय वीडियो प्लेटफॉर्म YouTube मंगलवार रात अचानक ठप हो गया, जिससे भारत समेत कई देशों में भारी संख्या में शिकायतें दर्ज की गईं। यूजर्स को ऐप और वेबसाइट पर “Something Went Wrong” का एरर मैसेज दिखाई देने लगा, वीडियो प्ले नहीं हो रहे थे और होमपेज लोड होने में दिक्कत आ रही थी।
डाउनडिटेक्टर के मुताबिक अमेरिका में पीक समय पर 3.2 लाख से ज्यादा रिपोर्ट्स दर्ज हुईं, जबकि भारत में सुबह 7 से 8 बजे IST के बीच 17,000 से 19,000 से अधिक शिकायतें सामने आईं। UK और अन्य देशों में भी बड़ी संख्या में यूजर्स प्रभावित हुए।
YouTube ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी कर पुष्टि की कि उनकी टीम समस्या की जांच कर रही है। बाद में दिए गए अपडेट में बताया गया कि सिफारिश (recommendations) सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी के कारण वीडियो और होमफीड सही तरीके से लोड नहीं हो रहे थे।
कंपनी ने कहा कि होमपेज को आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया है, लेकिन पूरी तरह से समस्या के समाधान पर काम जारी है। इस आउटेज का असर YouTube TV पर भी देखा गया
सुबह 8:11 बजे IST तक कई यूजर्स के लिए सेवा बहाल होनी शुरू हो गई, हालांकि कुछ क्षेत्रों में अभी भी दिक्कत की खबरें हैं। X पर #YouTubeDown ट्रेंड करने लगा, जहां यूजर्स ने मीम्स और मजेदार प्रतिक्रियाएं शेयर कीं—“YouTube गिरा तो जीवन रुक गया” जैसे कमेंट्स वायरल हो गए। कई लोगों ने अस्थायी विकल्प के तौर पर X Videos और Instagram Reels का रुख किया।
भारत के नागपुर समेत कई शहरों में भी यूजर्स ने सुबह से परेशानी की शिकायत की। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर किसी के यहां अभी भी समस्या आ रही है तो ऐप को रीस्टार्ट करें, कैश क्लियर करें या इंटरनेट कनेक्शन चेक करें। हालांकि अधिकांश यूजर्स के लिए सेवाएं अब सामान्य होती दिख रही हैं।
