नई दिल्ली:– सरकारी प्रेस टीवी और अन्य मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हवाई हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला उस समय हुआ जब 86 साल के खामेनेई एक गुप्त और सुरक्षित स्थान पर बैठक कर रहे थे. बताया जा रहा है कि वे अपने दो सबसे वफादार करीबियों के मीटिंग में शामिल थे.
सूत्रों के अनुसार, खामेनेई सुरक्षा परिषद के सलाहकार अली शमखानी और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) प्रमुख मोहम्मद पाकपूर से मुलाकात कर रहे थे. मीडिया रिपोर्ट की मुताबिक खुफिया एजेंसियां लंबे समय से अली शमखानी पर नजर रख रही थीं. जैसे ही वे खामेनेई से मिलने उस सुरक्षित स्थान पर पहुंचे, उसी समय संयुक्त हवाई हमला किया गया.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह एक संयुक्त सैन्य कार्रवाई थी, जिसमें अमेरिका और इजरायल दोनों शामिल थे. हमले के बाद उस स्थान को पूरी तरह सील कर दिया गया. बचाव और जांच दल तुरंत मौके पर पहुंचे. सरकारी सूत्रों ने बाद में पुष्टि की कि अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो चुकी है.
मौत की पुष्टि के बाद ईरान में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. कई सरकारी इमारतों और सैन्य ठिकानों पर अलर्ट जारी किया गया है. देशभर में शोक की लहर है.
अयातुल्ला अली खामेनेई 1989 से ईरान के सर्वोच्च नेता थे. उनके पास सेना की कमान, बड़े अधिकारियों की नियुक्ति और महत्वपूर्ण फैसलों का अंतिम अधिकार था. उनकी मौत से ईरान की राजनीति और क्षेत्रीय हालात पर बड़ा असर पड़ सकता है.
