नई दिल्ली:– भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में तेज धूप के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है और इस बार फरवरी पिछले तीन साल की तुलना में सबसे गर्म रही है। मार्च की शुरुआत भी तेज धूप और बढ़ती गर्मी के साथ हुई है। आमतौर पर पिछले वर्षों में मार्च के दूसरे या तीसरे सप्ताह तक हल्की ठंड का एहसास बना रहता था, लेकिन इस बार फरवरी से ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए। हालांकि बीते दो दिनों से चल रही तेज हवाओं के कारण सुबह के समय हल्की ठंडक महसूस की गई, फिर भी दिन और रात के तापमान पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ा।
मौसम विभाग ने 7 मार्च तक का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक अगले दो दिनों में दिल्ली-एनसीआर का अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 4 मार्च से तापमान में और बढ़ोतरी शुरू होने का अनुमान है। वर्तमान में करीब 33 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, हालांकि इनकी गति में धीरे-धीरे कमी आ सकती है।
अनुमान है कि मार्च के दूसरे सप्ताह तक अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है। इसका सीधा मतलब है कि जैसे-जैसे मार्च आगे बढ़ेगा, गर्मी और अधिक तीव्र होती जाएगी। लोगों को अब ठंड से नहीं बल्कि बढ़ती गर्मी से सावधान रहने की जरूरत है। फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में किसी सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के संकेत नहीं हैं, इसलिए बारिश की संभावना भी नहीं जताई गई है। मौसम साफ बना रहेगा और अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है।
हालांकि 4 मार्च की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से हरियाणा के उत्तरी जिलों में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। एनसीआर से जुड़े हरियाणा के करनाल, जींद, पानीपत और सोनीपत जैसे जिलों में हल्की बारिश देखी जा सकती है। इससे इन क्षेत्रों में तापमान में हल्का बदलाव संभव है।
यूपी में मार्च में ही पड़ने लगी मई-जून वाली गर्मी
उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। मार्च के पहले ही दिन कई जिलों में तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। नोएडा में 5 मार्च तक आंधी चलने की संभावना जताई गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में गर्मी लगातार बढ़ रही है और आने वाले दिनों में मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है।
बिहार में दिखने लगा गर्मी का असर
बिहार में भी तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। राज्य के कई जिलों में पारा 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। विशेषकर पूर्वी जिलों में गर्मी का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 5 और 6 मार्च को मौसम में आंशिक बदलाव संभव है, लेकिन कुल मिलाकर तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
हिमाचल-हरियाणा और पंजाब में बारिश के संकेत
पहाड़ी राज्यों में ऊंची चोटियों पर बर्फबारी जारी है, जिससे वहां का तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। आगामी पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा और पंजाब में हल्की बारिश की संभावना है। इससे इन इलाकों में मौसम में अस्थायी बदलाव देखने को मिल सकता है। कुल मिलाकर मार्च के पहले पखवाड़े में उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में गर्मी तेजी से बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
