आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को हराकर न सिर्फ सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया, बल्कि 2016 की हार का बदला भी चुकता कर लिया। इस जीत के हीरो रहे संजू सैमसन, जिन्होंने अपनी बल्लेबाजी से न केवल मैच जिताया, बल्कि क्रिकेट के दिग्गज विराट कोहली के एक बड़े कीर्तिमान को भी ध्वस्त कर दिया।
‘करो या मरो’ मैच में चमके संजू
वेस्टइंडीज के खिलाफ 196 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया दबाव में थी। यह मुकाबला एक तरह से ‘वर्चुअल क्वार्टर फाइनल’ था। संजू सैमसन ने जिम्मेदारी संभालते हुए 50 गेंदों में 97 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 12 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के जड़े।
कोहली के रिकॉर्ड को किया ध्वस्त
भारत की तरफ से टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में इस मुकाबले से पहले टारगेट का पीछा करते हुए जीत हासिल करने के मामले में सबसे ज्यादा निजी रनों की पारी खेलने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम पर था, जिन्होंने साल 2016 के टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली के मैदान पर टारगेट का पीछा करते हुए 82 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए जीत दिलाई थी, तो वहीं साल 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में 160 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए नाबाद 82 रनों की पारी खेली थी। वहीं अब संजू सैमसन ने कोहली के इस रिकॉर्ड को वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले में 97 रनों की अपनी नाबाद पारी के दम पर तोड़ दिया है।
भावुक कर देने वाला वीडियो वायरल
मैच खत्म होने के बाद संजू सैमसन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। विनिंग शॉट लगाने के बाद संजू ने कोई आक्रामक जश्न नहीं मनाया, बल्कि पिच पर बैठकर भगवान का शुक्रिया अदा किया। उनके चेहरे पर छलकती राहत ने आलोचकों को करारा जवाब दिया है, जो टूर्नामेंट की शुरुआत से ही उनके फॉर्म पर सवाल उठा रहे थे।
