नई दिल्ली:– मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आज (5 मार्च) भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल खेला जाएगा, लेकिन इस बड़े मुकाबले से पहले भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन और बैटिंग ऑर्डर को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या टीम मैनेजमेंट अभिषेक शर्मा को बाहर कर रिंकू सिंह को मौका देगा। दरअसल, टूर्नामेंट में अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। उन्होंने अब तक 6 पारियों में केवल 80 रन बनाए हैं, उनका औसत 13.13 और स्ट्राइक रेट 131.15 रहा है, जिससे टीम इंडिया के टॉप ऑर्डर को लेकर चिंता बढ़ गई है। हालांकि वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में संजू सैमसन की 97 रन की शानदार पारी ने टीम को संभाल लिया था, लेकिन उस मैच में अभिषेक 10 रन बनाकर आउट हो गए थे और ईशान किशन भी 10 रन ही बना सके थे।
इसी बीच पूर्व भारतीय हेड कोच रवि शास्त्री ने भी प्लेइंग इलेवन को लेकर अहम सलाह दी है। उनका कहना है कि अगर टीम मैनेजमेंट को लगता है कि अभिषेक शर्मा मानसिक रूप से दबाव में हैं और लगातार कम स्कोर का असर उनके आत्मविश्वास पर पड़ रहा है, तो बदलाव पर विचार करना चाहिए। शास्त्री ने सुझाव दिया कि ईशान किशन को संजू सैमसन के साथ ओपनिंग का मौका दिया जा सकता है, जबकि रिंकू सिंह को फिनिशर की भूमिका में प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। इस टूर्नामेंट में ईशान किशन ने 7 पारियों में 224 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 185 से ज्यादा है, वहीं उनके दोनों अर्धशतक भी ओपनिंग करते हुए आए हैं। हालांकि संजू सैमसन की वापसी के बाद ईशान को नंबर-3 पर बल्लेबाजी करनी पड़ी थी।
दिलचस्प बात यह भी है कि अभिषेक शर्मा का इंग्लैंड के खिलाफ रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है। पिछले साल वानखेड़े में खेले गए एक टी20 मैच में उन्होंने 54 गेंदों पर 135 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। इसी वजह से टीम मैनेजमेंट के सामने दुविधा की स्थिति बन गई है कि वह मौजूदा फॉर्म को प्राथमिकता दे या खिलाड़ी के पुराने रिकॉर्ड पर भरोसा बनाए रखे। अब सभी की नजरें गौतम गंभीर और सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाले टीम मैनेजमेंट पर होंगी कि वह सेमीफाइनल जैसे बड़े मुकाबले में क्या फैसला लेते हैं।
भारत की संभावित प्लेइंग XI (vs इंग्लैंड):
ईशान किशन, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह/अभिषेक शर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह।
