नई दिल्ली:– शुक्रवार का दिन मां लक्ष्मी को समर्पित माना जाता है और इस दिन किए गए उपाय जीवन में धन, सुख और समृद्धि लाने में बेहद प्रभावी माने जाते हैं। ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार अगर इस दिन कुछ खास नियमों और उपायों का पालन किया जाए तो आर्थिक परेशानियां दूर हो सकती हैं और घर में सकारात्मक ऊर्जा का वास होता है।
सुबह स्नान कर मां लक्ष्मी की पूजा कर उन्हें कमल का फूल अर्पित करना, “ॐ महालक्ष्म्यै नमः” मंत्र का जाप करना और घी का दीपक जलाना बेहद शुभ माना गया है। साथ ही इस दिन सफेद या गुलाबी वस्त्र पहनना, गरीबों को चावल, दूध या मिठाई का दान करना और घर के मुख्य द्वार पर स्वस्तिक बनाना लक्ष्मी कृपा को आकर्षित करता है।
शाम के समय कपूर या घी से आरती करना, श्रीयंत्र की स्थापना करना और घर की साफ-सफाई बनाए रखना भी महत्वपूर्ण बताया गया है। इसके अलावा महिलाओं का सम्मान करना और तुलसी या पीपल के पौधे में जल अर्पित करना भी विशेष फलदायी माना जाता है। मान्यता है कि इन आसान उपायों को अपनाने से न सिर्फ आर्थिक स्थिति मजबूत होती है बल्कि जीवन में सुख-शांति और तरक्की के रास्ते भी खुलते हैं।
