छत्तीसगढ़:– मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी संभागीय आयुक्तों, पुलिस अधिकारियों, कलेक्टरों और एसपी के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ले रहे है। यह बैठक पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति को देखते हुए आयोजित की गई, ताकि प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
बैठक में रसोई गैस (LPG), पेट्रोल, डीजल और उर्वरकों की उपलब्धता, भंडारण और वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और सप्लाई सिस्टम सुचारु रूप से चलता रहे।
मुख्यमंत्री ने अफवाहों और भ्रामक खबरों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों और गैस की प्रदेश में पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए लोग किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि स्थिति का फायदा उठाकर जमाखोरी, कालाबाजारी या कृत्रिम संकट पैदा करने वालों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए।
बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. बसवराजु एस, कृषि उत्पादन आयुक्त शहला निगार, ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार के साथ आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के पेट्रोल-डीजल व गैस डिवीजन के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
