नई दिल्ली:– महाराष्ट्र के नासिक से एक ऐसी रूहानी और घिनौनी दास्तां सामने आई है जिसने आस्था और विश्वास के नाम पर चल रहे ढोंग की धज्जियां उड़ा दी हैं। खुद को मर्चेंट नेवी का रिटायर्ड कैप्टन और बड़ा न्यूमेरोलॉजिस्ट बताने वाला अशोक खरात अब पुलिस की गिरफ्त में है। जांच में जो सच सामने आया है, उसने न केवल पुलिस प्रशासन बल्कि आम जनता को भी झकझोर कर रख दिया है।
सम्मोहन, नशा और फिर दरिंदगी
आरोपी अशोक खरात महिलाओं की मजबूरी और उनके वैवाहिक या आर्थिक संकट का फायदा उठाता था। ‘विशेष अनुष्ठान’ के बहाने वह महिलाओं को अपने ऑफिस बुलाता और वहां शुरू होता था शोषण का काला खेल। महिलाओं को सम्मोहित करने या नशीले पदार्थ खिलाकर उनका यौन शोषण किया जाता था। आरोपी ने अपने दफ्तर में गुप्त कैमरे लगा रखे थे, जिनसे वह महिलाओं की आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड करता था। इन्हीं 58 से ज्यादा अश्लील वीडियो के दम पर वह पीड़ितों को बार-बार अपनी हवस का शिकार बनाता था।
10वीं फेल गुरुजी
हैरानी की बात यह है कि जो शख्स लोगों को ग्रहों की चाल और अंकों का गणित समझाता था, वह खुद 10वीं की परीक्षा में गणित में फेल हो चुका था। खुद को मर्चेंट नेवी का अधिकारी बताकर लोगों पर रौब झाड़ता था। प्लास्टिक के सांप, इमली के बीज और नकली खाल जैसी चीजें चमत्कारी बताकर लाखों में बेचता था। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 200 करोड़ रुपये की संपत्ति के दस्तावेज, पिस्टल और 21 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने SIT का गठन किया है। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफ किया है कि इस जघन्य अपराध के दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
