मध्य प्रदेश :– मंगलवार को मौसम का मिजाज मिला-जुला रहा। शाम साढ़े पांच बजे तक प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई, लेकिन कई जिलों में दिनभर आसमान पर बादल छाए रहे। पश्चिमी हिस्सों में तापमान सामान्य बना रहा, जबकि पूर्वी इलाकों में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। नर्मदापुरम, भोपाल और गुना सहित कई जिलों में 30 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक रफ्तार से हवाएं चलीं।
मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक दमोह और नरसिंहपुर में 1.0 मिमी, सागर में 2.7 मिमी, टीकमगढ़ में 10.0 मिमी और मलाजखंड में 4.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, मंदसौर, उज्जैन, राजगढ़, शाजापुर, नीमच, धार, सीहोर, छिंदवाड़ा और सिवनी जिलों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। नर्मदापुरम में अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा था।
मौसम केंद्र के अनुसार प्रदेश के आसपास छह अलग-अलग मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। इनमें सबसे प्रभावी एक ऊपरी हवा का चक्रवात है, जो पूर्वी उत्तर प्रदेश से दक्षिण तमिलनाडु तक ट्रफ के रूप में फैला हुआ है। मौसम विज्ञानी का कहना है कि मंगलवार को गतिविधियां कम रहीं, लेकिन बुधवार से मौसम फिर सक्रिय होगा। अगले चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी।
23 जिलों के लिए जारी किया येलो अलर्ट
बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, अनुपपुर, शहडोल, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, टीकमगढ़, निवाड़ी, पांढुर्णा जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
प्रदेश के चार बड़े शहरों का तापमान
शहर — अधिकतम — न्यूनतम
भोपाल — 37.0 — 21.0
इंदौर — 36.6 — 22.0
ग्वालियर — 36.6 — 21.1
जबलपुर — 37.0 — 23.6
नोट — तापमान डिग्री सेल्सियस में।
