नई दिल्ली:– धर्मनगरी प्रयागराज के श्रद्धालुओं के लिए आईआरसीटीसी एक विशेष सौगात लेकर आया है। 27 अप्रैल से ‘भारत गौरव पर्यटक ट्रेन’ के माध्यम से सात ज्योतिर्लिंगों की यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
गोरखपुर से शुरू होने वाली यह 12 दिवसीय यात्रा प्रयागराज संगम स्टेशन से भी होकर गुजरेगी। 12 दिन और 11 रातों के इस सफर में यात्रियों को उज्जैन के महाकालेश्वर व ओंकारेश्वर, गुजरात के सोमनाथ व नागेश्वर, नासिक के त्रियंबकेश्वर, पुणे के भीमाशंकर और संभाजी नगर के घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। साथ ही द्वारकाधीश मंदिर और पंचवटी जैसे धार्मिक स्थलों का भ्रमण भी इस पैकेज का हिस्सा होगा।
आईआरसीटीसी ने इस यात्रा के लिए तीन श्रेणियां निर्धारित की हैं, जिसमें इकोनामी, स्टैंडर्ड और कंफर्ट श्रेणी है। भोजन, भ्रमण, ठहरने के साथ ईएमआई की सुविधा भी उपलब्ध है। आइआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट से अपनी सीट बुक कर सकते हैं। यह यात्रा आठ मई को संपन्न होगी।
