मध्य प्रदेश:– दोपहर करीब 1 बजे का समय, लोग लंच की तैयारी कर रहे थे, तभी भूकंप के झटकों ने लोगों को हिला दिया. मध्य प्रदेश के बड़वानी में बुधवार दोपहर 12:48 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 मापी गई है. भूकंप के झटके काफी हल्के थे, लेकिन इससे लोगों में दहशत फैल गई और अचानक हुई कंपन के बाद लोग घरों से बाहर निकल आए. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि बड़वानी में 3.6 तीव्रता के भूकंप के बाद लोगों को झटके महसूस किए गए. भूकंप का केंद्र बड़वानी में ही जमीन से करीब 10 किमी की गहराई में था और अभी तक इससे किसी भी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है.
लोगों ने महसूस किया हल्का कंपन
भूकंप के झटकों सो किसी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन लोगों ने बताया है कि उन्होंने जमीन में हल्का कंपन महसूस किया और लोग घरों से बाहर निकल आए. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (National Center for Seismology) ने भूकंप की पुष्टि की है और बताया है कि भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 रही और भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किमी की गहराई में था.
क्यों आता है भूकंप?
बता दें कि पृथ्वी के अंदर 7 प्लेट्स हैं, जो लगातार घूमती रहती हैं. ये प्लेटें आपस में टकराती हैं और इस वजह से भूकंप आता है. ये प्लेटें हर साल 4-5 मिलीमीटर खिसक जाती हैं. इस दौरान कभी कोई प्लेट किसी से दूर हो जाती है, तो कभी कोई किसी के नीचे से खिसक जाती है. पृथ्वी के अंदर मौजूद प्लेटों में आंतरिक दबाव होता है. यह दबाव पड़ोसी प्लेटों के साथ इंटरैक्शन करने या तलछटी लदान की वजह से बनता है. पृथ्वी पर संवहन धाराएं चलती हैं, जो रेडियोऐक्टिव ऊष्मा से चलती हैं. इन धाराओं की वजह से सतही चट्टानों पर कर्षण होता है. इस वजह से विकृति धीरे-धीरे बढ़ती है और कुछ समय में भूकंप आता है. भूकंप की तीव्रता मापने के लिए रिक्टर स्केल का इस्तेमाल किया जाता है. इस स्केल पर भूकंप की तरंगों को 1 से 9 तक मापा जाता है.
