
आंध्रप्रदेश। राज्य में भारी बारिश ने जमकर तबाही मचाई है। शुक्रवार को रायलसीमा के तीन जिलों, एक दक्षिणी तटीय जिले में 20 सेंटीमीटर तक भारी वर्षा होने से भयंकर तबाही हुई है और वर्षाजनित घटनाओं में 17 लोगों की मौत हो गई और 100 लोग लापता है। तिरुपति में सैकड़ों तीर्थयात्री भीषण बाढ़ में फंस गए हैं।
घाट रोड और तिरुमाला हिल्स के रास्ते बंद हैं। तिरुपति के बाहरी इलाके में स्थित स्वर्णमुखी नदी में बाढ़ आ गई है और जलाशयों में पानी भर गया है। कई लोगों के बाढ़ में फंसे होने की खबर है। राज्य परिवहन की तीन बसें भी फंस गई और 12 को बचाया नहीं जा सका।
कडप्पा जिले में अब भी 12 लोग लापता हैं तथा वायुसेना, एसडीआरएफ और अग्निशमन सेवाओं के कर्मियों ने आकस्मिक बाढ़ में फंसे कई लोगों को बचाया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी से फोन पर बात की और स्थिति के बारे में जानकारी ली एवं राज्य को सभी सहायता पहुंचाने का वादा किया।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक विज्ञप्ति में बताया कि मुख्यमंत्री शनिवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। उफनती नदियों एवं नहरों से कई जिलों में बाढ़ आ गई है, कुछ स्थानों पर सड़कें टूट गयी हैं और जनजीवन पटरी से उतर गया है।