मध्य प्रदेश :– सवा करोड़ से अधिक महिलाओं के लिए खुशियों भरा रविवार आने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 अप्रैल को सीहोर जिले के आष्टा से ‘लाड़ली बहना योजना’ की बहुप्रतीक्षित 35वीं किस्त जारी करेंगे। इस बार भी प्रदेश की बहनों के बैंक खातों में ₹1,500 की सम्मान राशि अंतरित की जाएगी।
रविवार को खातों में आएंगे ₹1,500
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को आष्टा में आयोजित एक राज्य स्तरीय भव्य कार्यक्रम के दौरान सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की लाड़ली बहनों के खातों में राशि भेजेंगे। योजना के तहत यह अब तक की 35वीं किस्त है। सरकार का लक्ष्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है, और अब तक सफलतापूर्वक 34 किस्तें उनके खातों में भेजी जा चुकी हैं।
सीहोर जिले को विशेष सौगात
इस कार्यक्रम के दौरान अकेले सीहोर जिले की 2,40,000 से अधिक महिलाओं को सीधे लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री जिले की बहनों के खातों में करीब ₹35.39 करोड़ की राशि हस्तांतरित करेंगे।
₹184 करोड़ के विकास कार्यों का होगा शिलान्यास
लाड़ली बहनों को आर्थिक शक्ति देने के साथ-साथ मुख्यमंत्री क्षेत्र के विकास का पिटारा भी खोलेंगे। कार्यक्रम के दौरान डॉ. यादव ₹184.92 करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
सशक्तीकरण की दिशा में बड़ा कदम
लाड़ली बहना योजना मध्य प्रदेश सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। हर महीने मिलने वाली यह ₹1,500 की राशि न केवल महिलाओं की छोटी-मोटी जरूरतों को पूरा कर रही है, बल्कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महिलाओं के सामाजिक-आर्थिक स्तर में भी सुधार ला रही है।
