छत्तीसगढ़ :– खरीफ 2026 को ध्यान में रखते हुए राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड ने विभिन्न फसलों के प्रमाणित और आधार बीजों की बिक्री दरें घोषित कर दी हैं। यह फैसला राज्य स्तरीय समिति की बैठक में लिया गया, जिसमें सभी प्रमुख फसलों की कीमतों को मंजूरी दी गई।
दरें तय होने के बाद अब किसानों को अपनी फसल की योजना बनाने में आसानी होगी और बाजार में बीजों की कीमत को लेकर पारदर्शिता भी बनी रहेगी।
धान के बीजों की नई कीमतें
खरीफ 20266 में धान की खेती करने वाले किसानों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में कीमतें निर्धारित की गई हैं। मोटा धान 3,478 रुपये प्रति क्विंटल और पतला धान 3,919 रुपये प्रति क्विंटल की दर से उपलब्ध होगा।
सुगंधित धान की कीमत सबसे अधिक रखी गई है। किसानों के लिए इसकी दर 4,803 रुपये प्रति क्विंटल तय की गई है, जबकि सहकारी समितियों के लिए यह 4,611 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित की गई है।
मोटे अनाज (मिलेट्स) को बढ़ावा
सरकार खरीफ 2026 में मिलेट्स के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए भी प्रयास कर रही है। इसी के तहत कोदो-कुटकी और रागी के बीजों की दरें तय की गई हैं।
कोदो-कुटकी के लिए किसानों को 7,245 रुपये और समितियों को 6,995 रुपये प्रति क्विंटल चुकाने होंगे। वहीं रागी के बीज किसानों को 7,229 रुपये और समितियों को 6,940 रुपये प्रति क्विंटल में मिलेंगे।
दलहन फसलों की दरें
दलहन फसलों के अंतर्गत उड़द, मूंग और अन्य फसलों के बीजों के लिए भी स्पष्ट दरें निर्धारित की गई हैं। उड़द की किस्मों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर कीमत तय की गई है।
5 वर्ष के भीतर की किस्मों के लिए किसानों को 14,351 रुपये प्रति क्विंटल और समितियों को 13,777 रुपये देने होंगे। अन्य श्रेणियों में भी इसी के आसपास दरें रखी गई हैं।
तिल और तिलहन फसलों के रेट
खरीफ 2026 में तिलहन फसलों के बीजों की कीमतों में भी स्पष्टता लाई गई है। तिल के बीजों की कीमत 20,539 रुपये प्रति क्विंटल तक रखी गई है, जो इस सूची में सबसे ऊंची श्रेणी में शामिल है।
इसके अलावा रामतिल और अन्य तिलहन फसलों की दरें भी तय की गई हैं, जिससे किसानों को सही जानकारी मिल सके।
सोयाबीन और मूंगफली के बीज
सोयाबीन के बीज किसानों के लिए 9,573 रुपये प्रति क्विंटल और सहकारी समितियों के लिए 9,190 रुपये निर्धारित किए गए हैं। वहीं पुरानी किस्मों के लिए यह कीमत 9,805 रुपये तक जाती है।
मूंगफली के बीजों की दर किसानों के लिए 11,816 रुपये और समितियों के लिए 11,343 रुपये प्रति क्विंटल तय की गई है।
अरहर और अन्य फसलों की कीमत
अरहर के बीजों की कीमत भी खरीफ 2026 के लिए अलग-अलग श्रेणियों में तय की गई है। 10 वर्ष से कम अवधि वाली किस्मों के लिए किसानों को 11,369 रुपये प्रति क्विंटल देना होगा, जबकि पुरानी किस्मों के लिए यह कीमत 13,220 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचती है।
इसके अलावा ढेंचा के बीजों की कीमत 22,057 रुपये प्रति क्विंटल तय की गई है, जो सबसे महंगे बीजों में से एक है।
किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
बीजों की दरों के निर्धारण से खरीफ 2026 में किसानों को कई तरह के फायदे मिलेंगे। इससे बाजार में अनियमितता खत्म होगी और किसानों को तय कीमत पर ही बीज उपलब्ध हो सकेंगे।
