
नई दिल्ली। साइबर सिक्योरिटी कंपनी साइबरएक्स 9 ने बड़ा दावा किया है कि PNB के सर्वर में सेंध लगाई गई है। इससे तकरीबन 7 माह तक 18 करोड़ ग्राहकों की व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी लगभग लीक होती रही। साइबरएक्स9 का दावा है कि बैंक में सुरक्षा खामी के चलते साइबर अटैकर्स यह साइबर हमला करने में कामयाब रहे। इस हमले में प्रशासनिक नियंत्रण के साथ उसकी पूरी डिजिटल बैंकिंग प्रणाली तक असर हुआ है।
हालांकि, इस मामले में पीएनबी का कहना है कि यह महज तकनीकी गड़बड़ी है। उसने सर्वर में सेंध और डेटा लीक से इनकार किया है। बैंक ने कहा- इसके कारण ग्राहकों के ब्योरे/एप्लिकेशंस पर कोई असर नहीं पड़ा और सर्वर को एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार साइबरएक्स9 के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक हिमांशु पाठक का कहना है कि पंजाब नेशनल बैंक पिछले 7 महीनों से अपने 18 करोड़ से अधिक ग्राहकों के कोष, व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी की सुरक्षा से गंभीर रूप से समझौता करता रहा। उन्होंने कहा- पीएनबी तब जागा और उसने इस सेंधमारी को ठीक किया। जब साइबरएक्स 9 ने इसका पता लगाया और सीईआरटी-इन और एनसीआईआईपीसी के माध्यम से बैंक को जानकारी दी।