छत्तीसगढ़ :- लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलने वाली है. अब गर्मी के तेवर थोड़े नरम पड़ने लग गए हैं. अगले 5 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है. पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिनों में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी. जिसमें करीब 2 से 3 डिग्री तक का अंतर देखने को मिलेगा. तापमान में गिरावट से झुलसाती गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसके साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की गई है.
छत्तीसगढ़ में 15 जिलों में तापमान 40 के पार पहुंच गया है. दुर्ग प्रदेश में सबसे गर्म रहा है, जहां तापमान 43.5 डिग्री रहा. वहीं अंबिकापुर में न्यूनतमान तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. दो से तीन दिन तापमान में बड़े बदलाव की आशंका नहीं है.
वहीं राजधानी रायपुर की बात करें तो यहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया जो दुर्ग से थोड़ा ही कम है. आज सुबह आसमान साफ रहने और दोपहर या शाम तक बादल छाने की संभावना है. दिन का तापमान 43 डिग्री रहने का अनुमान है.
छत्तीसगढ़ में मौसम बदलने की वजह है, पूर्वी उत्तरप्रदेश, उत्तर तेलंगाना और उत्तर भारत से पूर्वोत्तर तक बने साइक्लोन सर्कुलेशन. इसके अलावा ट्रफ लाइन का असर भी मौसम पर पड़ा है. इसी वजह से आंधी-बारिश की गतिविधियां बन रही हैं.
भीषण गर्मी के बीच मौसम में आने वाले बदलाव से लोगों को गर्मी से हल्की राहत मिलेगी. अगले 5 दिन आंधी-बारिश लोगों के लिए राहत लेकर बरसेगी. मौसम में आने वाले बदलाव से पारा गिर सकता है, जिससे लोगों को झुलसाती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
इस भीषण गर्मी में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने तेज गर्मी और लू से बचने के लिए लोगों से दोपहर के समय बाहर न निकलने की अपील की गई है. पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और धूप में निकलते समय सिर और शरीर को ढककर रखें.
