पश्चिम बंगाल :– विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सत्ता संभालने की दिशा में सक्रिय कदम उठाने शुरू कर दिए हैं, जिसके चलते राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, राज्य में नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण 9 मई को होने की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले BJP विधायक दल की अहम बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा। यही नेता राज्य के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकता है।
केंद्रीय पर्यवेक्षकों की नियुक्ति
सरकार गठन की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पार्टी ने केंद्रीय स्तर पर पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को मुख्य पर्यवेक्षक बनाया गया है, जबकि मोहन चरण माझी को सह-पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।दोनों नेता विधायक दल की बैठक की निगरानी करेंगे और मुख्यमंत्री चयन की प्रक्रिया को अंतिम रूप देंगे।
CM पद के लिए मंथन जारी
राज्य की राजनीति में मुख्यमंत्री पद को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कई संभावित नाम सामने आ रहे हैं, हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक किसी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। अंतिम फैसला विधायक दल की बैठक और केंद्रीय नेतृत्व की सहमति के बाद ही सामने आएगा।
राजनीतिक समीकरणों में बड़ा बदलाव
पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन को एक बड़े राजनीतिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। लंबे समय तक शासन करने वाली तृणमूल कांग्रेस के बाद नई सरकार के गठन से राज्य के राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदलते नजर आ रहे हैं। फिलहाल, पूरे राज्य की निगाहें BJP विधायक दल की बैठक और उस फैसले पर टिकी हैं, जो पश्चिम बंगाल के अगले मुख्यमंत्री का नाम तय करेगा।
