नई दिल्ली:– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देना होगा। इसके साथ ही उन्होंने पेट्रोल और डीजल का संयम से इस्तेमाल करने की अपील की है। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले दो महीने से हमारे पड़ोस में ही इतना बड़ा युद्ध चल रहा है इसका असर पूरी दुनिया पर पड़ा है और भारत पर तो और भी गंभीर असर हुआ है।
PM मोदी ने कहा कि भारत के पास बड़े-बड़े तेल के कुएं नहीं है। हमें अपनी जरूरत का पेट्रोल, डीजल, गैस, यह सब बहुत बड़ी मात्रा में दुनिया के दूसरे देशों से, बाहर से मंगाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि युद्ध की वजह से पूरी दुनिया में पेट्रोल, डीजल, गैस और फर्टिलाइजर के दाम बहुत अधिक बढ़ चुके हैं। आसमान को भी पार कर गए हैं।
कोरोना की तरह करना होगा काम
हैदराबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा कि हमने कोरोना के समय में वर्क फ्रॉम होम की, ऑनलाइन मीटिंग्स की, वीडियो कांफ्रेंस की, ऐसी अनेक व्यवस्थाएं विकसित की और हमें इसकी आदत भी हो गई थी। उन्होंने कहा कि आज समय की मांग ऐसी है कि उन व्यवस्थाओं को हम फिर से शुरू करें, तो वह देशहित में होगा और इनको हमें फिर से प्राथमिकता देनी है।
विदेशी मुद्रा बचाने पर जोर
पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज जो संकट है उसमें हमें विदेशी मुद्रा बचाने पर बहुत जोर देना होगा, क्योंकि दुनिया में पेट्रोल-डीजल इतना ज्यादा महंगा हो गया है, इसलिए हम सबका कर्तव्य है कि पेट्रोल-डीजल की खरीद पर जो विदेशी मुद्रा खर्च होती है उसे पेट्रोल डीजल बचाकर हमें वह मुद्रा भी बचानी है।
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत आज सुधार एक्सप्रेस पर सवार है और आधुनिक बुनियादी ढांचा भी तैयार कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वो तेलंगाना के हर परिवार को भरोसा दिलाना चाहते हैं कि केंद्र सरकार उनके सपनों को साकार करने के लिए और तेजी से काम करती रहेगी।
