मध्यप्रदेश:– राजधानी भोपाल में शिक्षक भर्ती को लेकर एक बार फिर बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी और शिक्षक लोक शिक्षण संचालनालय कार्यालय पहुंचे और वर्ग-2 व वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से लगातार सरकार और विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंप रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ये है प्रदर्शनकारियों की मांग
शिक्षकों ने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी है, जिसके कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं दूसरी ओर विभाग द्वारा स्कूलों को बंद करने या समायोजन की बात कही जा रही है, जिससे स्थिति और गंभीर हो रही है। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने मांग की है कि वर्ग-2 शिक्षक भर्ती में प्रत्येक विषय के लिए कम से कम 3,000 अतिरिक्त पद बढ़ाए जाएं। साथ ही वर्ग-3 भर्ती में 25,000 शिक्षकों की तत्काल नियुक्ति की जाए, ताकि स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
आने वाले दिनों में होगा बड़ा आंदोलन
इस दौरान शिक्षक प्रदर्शन में शामिल शिक्षिकाओं निधि पटेरिया और वर्षा ने कहा कि यदि सरकार जल्द ही उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में राज्य स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जा सकता है।
बिगड़ती जा रही है स्थिति
प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पर्याप्त शिक्षक होना जरूरी है, लेकिन लगातार भर्ती प्रक्रिया में देरी और पदों की कमी के कारण स्थिति बिगड़ती जा रही है। फिलहाल प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया है कि उनकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
