मध्यप्रदेश:– राजधानी भोपाल के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में रिश्तों को तार-तार करने वाली एक बेहद घिनौनी वारदात सामने आई है। यहाँ एक कलयुगी ताऊ ने अपनी ही 9 वर्षीय सगी भतीजी को हवस का शिकार बनाने की कोशिश की।
वारदात सोमवार रात करीब 8 बजे की है, जब 5वीं कक्षा में पढ़ने वाली मासूम अपनी मां के कहने पर मकान की छत पर सूखे कपड़े उठाने गई थी।
इसी दौरान पहली मंजिल पर रहने वाला उसका ताऊ भी नियत बिगाड़कर छत पर पहुंच गया और बच्ची को अकेली पाकर उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा।
बच्ची के शोर मचाने पर पकड़ी गई करतूत
आरोपी की इस घिनौनी हरकत से सहमी मासूम ने हिम्मत दिखाई और शोर मचाना शुरू कर दिया। बेटी की चीख सुनकर नीचे रह रहे माता-पिता बदहवास हालत में दौड़कर छत पर पहुंचे।
परिजनों को देखते ही आरोपी पीछे हट गया, जिसके बाद रोती हुई मासूम ने अपने सगे ताऊ की पूरी करतूत माता-पिता को रोते हुए बयां कर दी।
मां ने थाने पहुंचकर दर्ज कराया मामला
सगे जेठ की इस शर्मनाक और घटिया हरकत के बाद पीड़िता की मां अपनी बेटी को लेकर तुरंत जहांगीराबाद थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन आरोपी ताऊ के खिलाफ छेड़छाड़ और अन्य धाराओं (सहित पॉक्सो एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
