मध्य प्रदेश:- सिंगरौली जिले में इन दिनों सिंगरौली महोत्सव की तैयारी जोरों पर चल रही है. शनिवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव सिंगरौली महोत्सव में शामिल होने के लिए सिंगरौली पहुंचेंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव स्पोर्ट्स समेत कई निर्माण कार्यों की सौगात देंगे. मुख्यमंत्री मोहन यादव सिंगरौली महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे.
कम वाहन व सीमित संसाधनों के साथ होगा कार्यक्रम
सिंगरौली में मुख्यमंत्री जिले के अधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे, जिसकी तैयारियां लगभग पूरी की जा चुकी हैं. भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने ईटीवी भारत को जानकारी देते हुए बताया, ” इस कार्यक्रम में यह भी ध्यान रखा जाएगा कि मोदी जी का वैश्विक ऊर्जा संकट को लेकर जो देशवासियों से आवाहन किया है, ऊर्जा बचत और पेट्रोल-डीजल की बचत का उसका पालन हो और कम वाहन व सीमित संसाधनों के साथ इस कार्यक्रम को संपन्न किया जाए.
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है. इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सिंगरौली जिले में करोड़ों की लागत से बना रहे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भूमि पूजन करेंगे. साथ ही सामाजिक न्याय विभाग की ओर से दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल का भी वितरण करेंगे. इसके साथ-साथ सीएम जिले के लिए कई अन्य घोषणाएं कर सकते हैं.
हर वर्ष मनाया जाता है सिंगरौली महोत्सव
24 मई 2008 को सीधी जिले से अलग कर सिंगरौली को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अलग जिला बनाया था. तभी से सिंगरौली जिला बना और आज सिंगरौली जिला मध्य प्रदेश में इंदौर के बाद सबसे ज्यादा राजस्व देने वाला जिला है. इसके साथ-साथ कोयला उत्पादन और ऊर्जा उत्पादन के मामले में सिंगरौली ने देश भर में अपना नाम कमाया है. हर साल 24 मई को सिंगरौली महोत्सव धूमधाम से मनाया जाता है.
