नई दिल्ली:– भारतीय रेलवे अब यात्रियों को सिर्फ सफर नहीं बल्कि राजाओं-महाराजाओं जैसी लग्जरी जिंदगी का एहसास कराने जा रहा है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड (IRCTC) ने 2026-27 टूरिज्म सीजन के लिए अपनी प्रसिद्ध लग्जरी ट्रेन ‘गोल्डन चैरियट’ को पूरी तरह नए और शानदार अवतार में पेश किया है। दक्षिण भारत की ऐतिहासिक विरासत, मंदिरों, समुद्री तटों और प्राकृतिक सुंदरता की सैर कराने वाली इस ट्रेन को मॉडर्न टेक्नोलॉजी और रॉयल सुविधाओं के साथ अपग्रेड किया गया है। ट्रेन के अंदर कदम रखते ही यात्रियों को ऐसा महसूस होगा मानो वे किसी शाही महल या 5 स्टार होटल में प्रवेश कर चुके हों।
IRCTC के मुताबिक ट्रेन के इंटीरियर को बेहद लग्जरी और आरामदायक बनाया गया है। इसमें हल्के और प्रीमियम कलर थीम, चमकदार लकड़ी की डिजाइन, आलीशान लिनेन, सुगंधित बाथ एमेनिटीज और शानदार लाइटिंग दी गई है। यात्रियों के मनोरंजन के लिए स्मार्ट टीवी और हाई-स्पीड वाई-फाई स्ट्रीमिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे वे अपने केबिन को निजी सिनेमा हॉल में बदल सकते हैं। सुरक्षा के लिहाज से ट्रेन में आधुनिक CCTV कैमरे और एडवांस फायर अलार्म सिस्टम लगाए गए हैं। साथ ही यात्रियों की सेवा के लिए प्रशिक्षित हॉस्पिटैलिटी स्टाफ 24 घंटे मौजूद रहेगा।
गोल्डन चैरियट में कुल 40 लग्जरी केबिन बनाए गए हैं, जिनमें एक साथ 80 यात्री सफर कर सकते हैं। इनमें 13 डबल बेड केबिन, 26 ट्विन बेड केबिन और दिव्यांग यात्रियों के लिए एक विशेष केबिन शामिल है। हर केबिन को होटल जैसी सुविधाओं से लैस किया गया है ताकि यात्रियों को लंबी यात्रा में भी पूरा आराम मिल सके।
खान-पान के मामले में भी यह ट्रेन किसी लग्जरी क्रूज से कम नहीं है। ट्रेन में ‘रुचि’ और ‘नलपाक’ नाम के दो फाइन डाइनिंग रेस्टोरेंट बनाए गए हैं, जहां भारतीय और अंतरराष्ट्रीय व्यंजन प्रीमियम क्रॉकरी में परोसे जाएंगे। इसके अलावा ‘मदिरा’ नाम का एक शानदार लाउंज बार भी है, जहां यात्री सफर के दौरान विभिन्न पेय पदार्थों का आनंद ले सकेंगे। वहीं यात्रा की थकान मिटाने के लिए ‘आरोग्य स्पा एंड फिटनेस सेंटर’ बनाया गया है, जिसमें आयुर्वेदिक थेरेपी और मॉडर्न जिम की सुविधा भी मिलेगी।
IRCTC ने 2026-27 सीजन के लिए कई शानदार टूर पैकेज लॉन्च किए हैं। ‘प्राइड ऑफ कर्नाटक’ पैकेज 6 दिन और 5 रातों का है, जिसमें बेंगलुरु, बांदीपुर, मैसूर, हलेबीडु, चिक्कमगलुरु, हम्पी और गोवा की सैर कराई जाएगी। ‘ज्वेल्स ऑफ साउथ’ पैकेज के तहत मैसूर, कांचीपुरम, महाबलीपुरम, तंजावुर, चेट्टीनाड और कोचीन जैसे ऐतिहासिक शहरों की यात्रा कराई जाएगी। वहीं कम समय वाले यात्रियों के लिए ‘ग्लिम्प्स ऑफ कर्नाटक’ नाम से 4 दिन और 3 रातों का छोटा पैकेज भी रखा गया है।
ट्रेन के अंदर का पूरा भोजन, चुनिंदा पेय पदार्थ, एसी गाड़ियों में गाइडेड साइटसीइंग, स्मारकों की एंट्री फीस और टूर के दौरान बाहर के भोजन का खर्च भी शामिल रहेगा। यानी यात्रियों को अलग से कोई अतिरिक्त खर्च नहीं करना होगा।
IRCTC ने यात्रियों को आकर्षित करने के लिए खास डिस्काउंट ऑफर भी घोषित किया है। चुनिंदा तारीखों की बुकिंग पर यात्रियों को बेस किराए पर 20% तक की सीधी छूट दी जाएगी। इसके अलावा जो लोग 30 जून 2026 तक एडवांस पेमेंट पूरा कर देंगे, उन्हें अतिरिक्त 5% अर्ली बर्ड डिस्काउंट भी मिलेगा। यह ऑफर भारतीय और विदेशी दोनों पर्यटकों के लिए लागू रहेगा।
IRCTC का मानना है कि गोल्डन चैरियट सिर्फ एक ट्रेन नहीं बल्कि दक्षिण भारत की संस्कृति, विरासत और रॉयल लाइफस्टाइल का अनोखा अनुभव है। यही वजह है कि यह ट्रेन अब देश ही नहीं बल्कि विदेशी पर्यटकों के बीच भी तेजी से लोकप्रिय हो रही है।
